ड्रोन निगरानी, फ्लैग मार्च और पेट्रोलिंग के बीच धमतरी में शांतिपूर्ण संपन्न हुई होली

24

धमतरी में कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई होली, ड्रोन निगरानी और फ्लैग मार्च का दिखा असर
धमतरी |  होली पर्व के अवसर पर धमतरी जिले में पुलिस प्रशासन की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई थी।
लगातार पेट्रोलिंग और फिक्स पिकेट से बनी रही कानून व्यवस्था
त्योहार को देखते हुए पुलिस द्वारा पूरे जिले में लगातार पेट्रोलिंग की गई तथा संवेदनशील स्थानों पर फिक्स पिकेट स्थापित कर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया। प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस की सक्रिय मौजूदगी रही, जिससे कानून व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में रही।
ड्रोन कैमरों से रखी गई शहर पर नजर
पुलिस ने आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए ड्रोन कैमरों के माध्यम से शहर के विभिन्न क्षेत्रों पर निगरानी रखी। वहीं पुलिस अधीक्षक द्वारा कंट्रोल रूम से लगातार जिले की स्थिति की मॉनिटरिंग कर सभी थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाते रहे।
होली से पहले असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई
होली पर्व से पहले पुलिस ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कदम उठाए। लगभग 35 गुंडा और निगरानी बदमाशों की परेड कराई गई और उन्हें अच्छे आचरण बनाए रखने की चेतावनी दी गई। इसके अलावा 60 से अधिक गुंडा बदमाशों, निगरानी बदमाशों और चाकूबाजों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
फ्लैग मार्च से बढ़ा पुलिस पर भरोसा
जिले के सभी अनुभागों में फ्लैग मार्च भी निकाला गया, जिसका उद्देश्य असामाजिक तत्वों में कानून का भय उत्पन्न करना और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना था।
पुलिस की लगातार निगरानी और सतर्कता के कारण जिले में कहीं भी किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। पुलिस प्रशासन ने बताया कि त्योहारों के दौरान शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पहले से ही प्रभावी रणनीति तैयार की जाती है, जिसके चलते जिले में पिछले एक वर्ष में सभी प्रमुख त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुए हैं।