कलेक्टोरेट में ई-ऑफिस प्रणाली का शुभारंभ, डिजिटल प्रशासन की ओर सशक्त कदम

38

धमतरी। कलेक्ट्रेट में आज डिजिटल तकनीक की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए ई-ऑफिस प्रणाली का विधिवत शुभारंभ किया गया। कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने अपने कार्यालय से लैपटॉप के माध्यम से ई-ऑफिस प्रणाली का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह प्रणाली प्रशासनिक दक्षता, पारदर्शिता और समयबद्धता को बढ़ावा देने के लिए एक सशक्त कदम है।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने अधिकारियों से अपील की कि वे जल्द से जल्द अपने विभागीय कार्यों में ई-ऑफिस का उपयोग प्रारंभ करें। उन्होंने कहा कि इससे फाइलों के निराकरण में पारंपरिक अड़चनें समाप्त होंगी और कार्य तेजी से पूरे होंगे। साथ ही, शासन के डिजिटल इंडिया जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रमों को मजबूत आधार मिलेगा।

इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी (DIO) श्री अमित सिसौदिया और प्रोग्रामर श्री अखिलेश आहुजा भी उपस्थित रहे।

क्या है ई-ऑफिस प्रणाली?

ई-ऑफिस प्रणाली एक केंद्रीकृत डिजिटल प्लेटफार्म है, जो शासकीय कार्यों को कागज रहित, पारदर्शी और सुगम बनाता है। इसके माध्यम से फाइल, दस्तावेज, पत्राचार और रिकॉर्ड प्रबंधन पूरी तरह से डिजिटल हो जाते हैं, जिससे कार्य प्रणाली अधिक प्रभावी बनती है।

ई-ऑफिस की प्रमुख विशेषताएं:

  • कार्यों की रफ्तार में वृद्धि और समय की बचत
  • निर्णय प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही
  • कागजरहित प्रणाली के जरिए पर्यावरण संरक्षण
  • कार्य संस्कृति और समन्वय में सुधार
  • भ्रष्टाचार पर अंकुश और संसाधनों का बेहतर उपयोग

पूर्व में जिले के अधिकारियों व कर्मचारियों को इसका लाइव डेमो और प्रशिक्षण दिया गया था। ई-ऑफिस के सफल क्रियान्वयन के साथ धमतरी जिला प्रशासन ने यह प्रमाणित किया है कि नवाचार और तकनीकी एकीकरण से प्रशासन को अधिक उत्तरदायी और स्मार्ट बनाया जा सकता है।