धमतरी में निगम की बड़ी कार्रवाई: बालक चौक कांप्लेक्स के सामने अतिक्रमण हटाया, जूता-चप्पल व फल ठेले का सामान जब्त

47

धमतरी। शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से नगर निगम की टीम ने बालक चौक कांप्लेक्स के सामने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। लंबे समय से इस क्षेत्र में जूता-चप्पल एवं फल के ठेले लगाए जा रहे थे, जिससे सड़क पर आवागमन प्रभावित हो रहा था और आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। भीड़भाड़ के कारण कई बार जाम जैसी स्थिति भी निर्मित हो रही थी।
नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर सड़क किनारे लगाए गए जूता-चप्पल के टीन टप्पर, कैरेट सहित अन्य सामान जब्त किया। कार्रवाई के दौरान ठेला संचालकों को समझाइश देते हुए बताया गया कि सार्वजनिक स्थानों पर ठेला लगाने से यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी शशांक मिश्रा ने बताया कि बालक चौक कांप्लेक्स शहर का व्यस्त इलाका है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। सड़क किनारे ठेले लगने से यातायात व्यवस्था बाधित हो रही थी, जिसे ध्यान में रखते हुए यह कार्रवाई की गई।
उन्होंने संबंधित ठेला संचालकों को चेतावनी दी कि भविष्य में दोबारा इस स्थान पर ठेला लगाए जाने की स्थिति में सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम की टीम द्वारा शहर के अन्य प्रमुख स्थानों पर भी समय-समय पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है, ताकि शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो