Home Latest CG-05 EXPO से पुराना जुड़ाव, मंडी अध्यक्ष रहते शुरू हुआ था आयोजन...

CG-05 EXPO से पुराना जुड़ाव, मंडी अध्यक्ष रहते शुरू हुआ था आयोजन : विधायक ओंकार साहू

धमतरी। छत्तीसगढ़ की पावन धरा और धर्मनगरी धमतरी में साउंड एवं लाइट सहित विभिन्न व्यापारिक उत्पादों और सेवाओं को एक मंच प्रदान करने वाले CG-05 EXPO 5.0 का भव्य शुभारंभ धमतरी विधायक ओंकार साहू ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। पांचवें वर्ष में प्रवेश कर चुके इस व्यापारिक मेले को लेकर व्यापारियों और नागरिकों में खासा उत्साह देखने को मिला।

इस अवसर पर विधायक ओंकार साहू ने कहा कि CG-05 EXPO से उनका जुड़ाव काफी पुराना है। जब वे धमतरी कृषि उपज मंडी के अध्यक्ष थे, तब से इस आयोजन की शुरुआत हुई थी और तभी से यह आयोजन लगातार हर वर्ष आयोजित होता आ रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में इस आयोजन ने निरंतर प्रगति की है और आज यह धमतरी के प्रमुख व्यापारिक आयोजनों में अपनी पहचान बना चुका है।

विधायक ने कहा कि ऐसे आयोजन केवल व्यापार तक सीमित नहीं होते, बल्कि स्थानीय व्यवसायियों, उद्यमियों और छोटे-बड़े व्यापारियों को अपने उत्पादों एवं सेवाओं को व्यापक स्तर पर प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं। इससे स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलता है और नागरिकों को भी नई तकनीक, उत्पाद एवं सेवाओं की जानकारी एक ही स्थान पर मिलती है।उन्होंने आयोजन समिति यूनिटी इवेंट्स को पांचवें वर्ष के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि धमतरी में इस प्रकार के आयोजन होते रहना शहर की व्यापारिक एवं आर्थिक गतिविधियों के लिए सकारात्मक संकेत है। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को निरंतर सहयोग और प्रोत्साहन देने की बात कही।

आयोजक यूनिटी इवेंट्स की टीम ने विधायक ओंकार साहू का स्वागत करते हुए उनके आगमन एवं मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में व्यापार जगत से जुड़े लोग, आयोजन समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। आयोजकों ने बताया कि CG-05 EXPO 5.0 में विभिन्न प्रकार के व्यापारिक उत्पादों एवं सेवाओं के स्टॉल लगाए गए हैं, जहां लोगों को खरीदारी और नई तकनीकों की जानकारी का अवसर मिल रहा है।

Exit mobile version