रजत एवं निशा लुंकड़ ने सार्थक के विशेष बच्चों को दिखाई ‘बॉर्डर 2′

0

रजत एवं निशा लुंकड़ ने सार्थक के विशेष बच्चों को दिखाई ‘बॉर्डर 2′ बच्चों के अनुकूल कोई भी नई फिल्म आने पर वे पुनः उन्हें आमंत्रित करेंगे। सेवा, संवेदना और खुशियों से भरा यादगार दिन

धमतरी | मानसिक दिव्यांग प्रशिक्षण केंद्र सार्थक स्कूल, धमतरी के विशेष बच्चों के लिए एक अत्यंत भावनात्मक, प्रेरणादायी एवं आनंदमय दिन रहा, जब शहर के प्रतिष्ठित एवं सेवाभावी परिवार श्री राजेंद्र लुंकड़ एवं श्रीमती रीता लुंकड़ के पुत्र एवं पुत्रवधू रजत लुंकड़ एवं निशा लुंकड़ ने बच्चों को’ Border 2′ फिल्म दिखाकर उन्हें खुशियों का अनमोल उपहार प्रदान किया। यह विशेष आयोजन प्रशांत एस आर एम टॉकीज में संपन्न हुआ,विशेष बच्चों के साथ उनके पालकगण, प्रशिक्षकगण एवं सार्थक परिवार के सदस्य भी उपस्थित रहे। व्हीलचेयर का उपयोग करने वाले करण नामदेव, डॉली सिन्हा, श्वेता मसीह एवं मनीष मंडावी सहित अन्य विशेष बच्चों ने पहली बार टॉकीज में बैठकर बड़े पर्दे पर देशभक्ति से ओतप्रोत फिल्म का उत्साहपूर्वक आनंद लिया। देशप्रेम से भरे दृश्यों पर बच्चों ने तालियाँ बजाकर अपनी प्रसन्नता व्यक्त की, जिससे पूरा वातावरण उल्लास से भर उठा। इंटरवल के दौरान सभी बच्चों को नाश्ता एवं जूस वितरित किया गया। बच्चों के चेहरों पर झलकती मुस्कान और उत्साह इस आयोजन की सफलता का सजीव प्रमाण रहे। फिल्म प्रदर्शन के पश्चात रजत एवं निशा लुंकड़ ने विशेष बच्चों के साथ केक काटकर अपनी 21वीं वैवाहिक वर्षगांठ की जानकारी साझा की। उन्होंने स्नेहपूर्वक सभी बच्चों को केक खिलाया। बच्चों ने भी हर्षोल्लास के साथ लुंकड़ दंपति को पुष्पगुच्छ भेंट कर शुभकामनाएँ दीं। इस अवसर पर लुंकड़ दंपति ने कहा कि विशेष बच्चों के साथ समय बिताना उनके लिए अत्यंत सुखद और आत्मिक संतोष देने वाला अनुभव है। उन्होंने आश्वस्त किया कि बच्चों के अनुकूल कोई भी नई फिल्म आने पर वे पुनः उन्हें आमंत्रित करेंगे। सार्थक संस्था की अध्यक्ष डॉ. सरिता दोशी ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विशेष बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने तथा उनके आत्मविश्वास को सुदृढ़ करने में अत्यंत सहायक सिद्ध होते हैं। उन्होंने लुंकड़ दंपति के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा की। कार्यक्रम में सार्थक की प्रशिक्षकगण – मैथिली गोड़े, देविका दीवान, कौशिल्या यादव, काजल रजक, सुनैना गोड़े एवं पालकगण – कौशर रजा, निशा गजेंद्र, संजय साहू, सविता शेख, जमुना ध्रुव, देवेंद्र शांडिल्य, माया नामदेव, प्रेमबती साहू, बेनीराम महार, ओमेश्वरी साहू एवं सीमा मसीह उपस्थित रहे। पालकों ने भी अपने बच्चों की प्रसन्नता देखकर इस आयोजन को अत्यंत आनंददायक, प्रेरणादायी एवं अविस्मरणीय बताया।