
धमतरी | नगर निगम प्रशासन ने यूजर चार्ज वसूली का क्रियान्वयन कर दिया है। महापौर विजय देवांगन ने अपील की है लोग यूजर चार्ज समय से दें ताकि सफाई व्यवस्था बेहतर की जा सके। आगे कहा की स्वच्छता दीदियों के भरोसे धमतरी नगर निगम का पिछले कई वर्षों से शहर का कचरा संग्रह कर रहे है। प्रत्येक वर्ष स्वच्छ शहर के नाम से पहचाना जाने वाला धमतरी शहर किसी और नहीं बल्कि स्वच्छता दीदियों की ही देन है। इनकी मेहनत के भरोसे ही नगर निगम हर वर्ष सफाई के क्षेत्र में अव्वल आने का प्रयास करता है, वहीं स्वच्छता दीदियों की इस काबिले तारीफ कार्य के प्रति नगर के लोग उदासीन हैं। नगर वासियों द्वारा दिए जाने वाले यूजर चार्ज के भरोसे ही इनका घर-परिवार चलता है। वहीं शहरवासी यूजर चार्ज देने के प्रति रूचि नहीं दिखा रहे हैं। नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत लगभग 30 लाख डिमांड दिया गया था जिसमें 23 लाख करीब 2022 2023 वित्तीय वर्ष में वसूली किया जा चुका है। यूजर चार्ज वसूलने के लिए नगर निगम प्रशासन द्वारा मणि कंचन केंद्र सुपरवाइजर को जिमेदारी की गई है लेकिन यूजर चार्ज वसूलने में पसीने छूट रहे हैं। वहीं यूजर चार्ज न देने वाले सड़क पर कचरा फेंक कर शहर की सुंदरता और स्वच्छता पर कालिख पोतने का काम कर रहे हैं।
176 स्वच्छता दीदियों कर रही कचरा संग्रहण धमतरी नगर निगम क्षेत्र के 40 वार्डों से कचरा संग्रहण का कार्य किया जा रहा है, इसमें 10 एसएलआरएम सेंटर है। कचरा कलेक्शन के कार्य के लिए 176 स्वच्छता दीदियां मेहनत कर रहीं हैं। इसके बावजूद शहर के लोग यूजर चार्ज देने में उदासीनता बरत रहे हैं। यूजर चार्ज के भरोसे ही 176 स्वच्छता दीदियों के मानदेय का भुगतान किया जाता है। अगर शहर के लोग समय पर यूजर चार्ज न दें तो शहर को स्वच्छ रखने वाली स्वच्छता दीदियों का घर-परिवार कैसे चल पाएगा, इसकी चिंता हर किसी को होनी जरूरी है।
शहर के हर-गली मोहल्लों से स्वच्छता दीदियों द्वारा प्रतिदिन कचरे का कलेक्शन किया जाता है। ठंडी हो या तेज बारिश इन परेशानियों के बीच स्वच्छता दीदियां घर-घर जाकर कचरा कलेक्शन करतीं हैं। इसके एवज में यूजर के रूप में 500 स्क्वायर मीटर में 20 रुपए,500 स्क्वायर मीटर से अधिक में 30 रुपए व उसे 1000 से अधिक में 60 रुपए प्रति घरों से निर्धारित है व कामर्शियल चार्ज अलग-अलग निर्धारित किए गए हैं।