स्वतंत्रता दौड़ में देशभक्ति के रंग में रंगे महापौर रामू रोहरा

11

धमतरी । स्वतंत्रता दिवस की पूर्व पर जिला प्रशासन द्वारा आयोजित भव्य स्वतंत्रता दौड़ में आज नगर पालिक निगम के महापौर रामू रोहरा जोश और उमंग के साथ शामिल हुए। तिरंगे पझण्डे के साथ प्रतिभागियों के साथ दौड़ते हुए महापौर ने शहरवासियों में देशप्रेम का संदेश दिया। रामू रोहरा ने कहा कि, “स्वतंत्रता हमें यूँ ही नहीं मिली है, इसके लिए हमारे वीर स्वतंत्रता सेनानियों ने अपने प्राण न्यौछावर किए। यह आज़ादी हमारा गौरव भी है और ज़िम्मेदारी भी। इसे सुरक्षित रखना, संवारना और आने वाली पीढ़ियों तक पहुँचाना हर देशवासी का कर्तव्य है। आज की यह स्वतंत्रता दौड़ केवल खेल नहीं, बल्कि देशप्रेम और एकता का प्रतीक है। मैं चाहता हूँ कि हर नागरिक देश की प्रगति में अपनी भूमिका निभाए, ताकि भारत सदा विश्व में अग्रणी बना रहे।” दौड़ के दौरान नगरवासी, स्कूली छात्र-छात्राएँ और सामाजिक संगठन हाथों में तिरंगा लहराते हुए “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारे लगा रहे थे। पूरा वातावरण देशभक्ति के गीतों और नारों से गूंज रहा था। महापौर रोहरा ने नगरवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए सभी से देश की एकता, अखंडता और प्रगति में योगदान देने का आह्वान किया।