Home Latest सेवा संकल्प अभियान के तहत बेलरगांव, आमगांव एवं घुरावंड में विद्यार्थियों को...

सेवा संकल्प अभियान के तहत बेलरगांव, आमगांव एवं घुरावंड में विद्यार्थियों को निःशुल्क कॉपियों का वितरण, शिक्षा और संघर्ष के महत्व का दिया संदेश

नगरी। विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने, उनमें आत्मविश्वास जगाने और उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के उद्देश्य से ‘सेवा संकल्प’ अभियान के अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक शालाओं बेलरगांव, आमगांव एवं घुरावंड में लगभग 1,000 छात्र-छात्राओं को निःशुल्क कॉपियों का वितरण किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को शिक्षा, परिश्रम, अनुशासन और जीवन में अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विकास मरकाम ने कहा कि संघर्ष के बिना सफलता की कल्पना नहीं की जा सकती। जीवन में आने वाली चुनौतियां हमें कमजोर करने के लिए नहीं, बल्कि मजबूत बनाने और आगे बढ़ने की प्रेरणा देने के लिए होती हैं। विद्यार्थियों को कठिन परिस्थितियों से घबराने के बजाय मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ना चाहिए।

उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि अपने सपनों को साकार करने और समाज व देश के विकास में योगदान देने का सबसे सशक्त साधन है। प्रत्येक विद्यार्थी में प्रतिभा होती है, आवश्यकता है तो उसे सही दिशा, उचित अवसर और प्रोत्साहन देने की। आर्थिक परिस्थितियां किसी भी बच्चे की शिक्षा में बाधा नहीं बननी चाहिए। हमारा प्रयास है कि संसाधनों के अभाव में किसी विद्यार्थी की पढ़ाई प्रभावित न हो और हर बच्चे को आगे बढ़ने का समान अवसर मिले।

श्री मरकाम ने कहा कि ‘सेवा संकल्प’ अभियान का उद्देश्य केवल शैक्षणिक सामग्री वितरित करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के भीतर बड़े सपने देखने, कठिन परिश्रम करने और जीवन में कुछ बेहतर हासिल करने का संकल्प जगाना भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने, अपने माता-पिता और शिक्षकों का सम्मान करने तथा अपनी सफलता से परिवार, क्षेत्र और देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष अकबर कश्यप, जिला पंचायत सभापति अजय ध्रुव, भाजपा बेलरगांव मंडल अध्यक्ष  हुमित लिमजा, मंडल महामंत्री दीपक साहू, सिरसिदा सरपंच नरसिंह मरकाम, युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष मोरध्वज सेन, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष लीलेश प्रजापति, वरिष्ठ भाजपा नेता वेदप्रकाश गंजीर सहित भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधिगण, सरपंचगण एवं संबंधित विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

Exit mobile version