Home Latest सीमाओं पर तैनात वीर जवानों को बांधा रक्षा सूत्र, देशभक्ति के रंग...

सीमाओं पर तैनात वीर जवानों को बांधा रक्षा सूत्र, देशभक्ति के रंग में रंगा रक्षाबंधन

धमतरी। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर धमतरी जिले की महिला मोर्चा की बहनों ने देश की सीमाओं पर तैनात वीर जवानों के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाकर भाई-बहन के रिश्ते को देशभक्ति और भावनाओं से जोड़ दिया। डॉ. बिथिका बिश्वास के नेतृत्व में महिला मोर्चा की बहनों ने जवान भाइयों की कलाई पर प्रेम, सम्मान और रक्षा की मंगलकामना से ओत-प्रोत रक्षा सूत्र बांधा।

बहनों ने जवानों को पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ राखी बांधी और अपने हाथों से घर पर तैयार किए गए स्वादिष्ट पकवानों से उनका मुंह मीठा कराया। इस दौरान जवानों के साथ आत्मीयता से समय बिताया गया। देशभक्ति गीतों पर जवानों और बहनों ने साथ मिलकर नृत्य किया और रक्षाबंधन की खुशियां साझा कीं।

आयोजन का उद्देश्य केवल रक्षा सूत्र बांधना नहीं, बल्कि देश की सीमाओं की रक्षा में अपने परिवार से हजारों किलोमीटर दूर तैनात जवानों को यह एहसास कराना था कि देश की करोड़ों बहनें और माताएं उनके साथ खड़ी हैं। इस दौरान ऐसा पारिवारिक वातावरण बना कि अपनों से दूर रहने वाले जवानों को भी अपने घर-परिवार की आत्मीयता का अनुभव हुआ।

महिला मोर्चा की बहनों ने कहा कि जो भाई अपने परिवार से दूर रहकर दिन-रात देश की सीमाओं की रक्षा करते हैं, उनके प्रति प्रेम और सम्मान किसी एक दिन तक सीमित नहीं हो सकता। जवानों के साथ बिताए भावुक पलों में देशप्रेम, भाईचारे और अपनत्व की भावना देखते ही बनी।

कार्यक्रम के अंत में बहनों ने देश की रक्षा में सदैव तत्पर रहने वाले सभी वीर जवानों के सुखद, स्वस्थ एवं सुरक्षित जीवन की मंगलकामना की। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि देश का प्रत्येक जवान सकुशल अपने परिवार के पास लौटे।

रक्षा सूत्र की इस डोर ने एक भावनात्मक संदेश दिया कि जो भाई सीमा पर रहकर देश की रक्षा कर रहे हैं, उनके साथ देश की हर बहन खड़ी है।

भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

ये रहे मौजूद

इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेत्री पार्वती वाधवानी, धमतरी जनपद अध्यक्ष अंगिरा ध्रुव, प्रेमलता नागवंशी, दिनेश्वरी नेताम, चेलेश्वरी साहू, धनेश्वरी साहू, ज्योति साहू, सुलोचना साहू, रितिक यादव, जागेश्वरी साहू, दमयंती साहू, डॉली सोनी, नीलू रजक, रीता बंजारे, रितु साहू, पूर्णिमा बनपेला, प्रतिमा देवांगन, लक्ष्मी ठाकरे, ममता सिन्हा, सुरजोतिन साहू, ईश्वरी पटवा, प्रेमलता साहू, गौरी प्रजापति, भानबाई कुंभकार, सुनीता साहू, मीनाक्षी साहू, निर्मला साहू, वंदना साहू, तिजिया कुंभकार, शेष बाई कुंभकार, रानी, निलिमा, माही, रिया, ओवी, निशा, हर्षिता, पूजा, दक्षता और अंकिता सहित बड़ी संख्या में बहनें मौजूद रहीं।

Exit mobile version