सद्गुरु कबीर सत्संग समारोह में शामिल हुईं रंजना डीपेंद्र साहू, संतों से लिए आशीर्वाद

4

संत कबीर साहेब का संदेश मानव मात्र के कल्याण, सत्य, प्रेम और समानता पर आधारित है : पंथ श्री हजूर अर्धनाम साहेब जी, कबीर साहेब की वाणी समाज को आपसी भाईचारे, नैतिकता और आध्यात्मिक चेतना की ओर अग्रसर करती है : कबीर संत सुधाकर साहेब जी, श्रीमती रंजना साहू ने संत कबीर वाणी श्रवण कर कहा कि संतों का सान्निध्य मनुष्य के जीवन को सकारात्मक दिशा प्रदान करता है, संत कबीर साहेब की शिक्षाएँ समाज को जोड़ने, सद्भाव बढ़ाने और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं

धमतरी | ग्राम लिमतरा स्थित सद्गुरु कबीर आश्रम में आयोजित त्रिदिवसीय सद्गुरु कबीर सत्संग समारोह में सत्संग श्रवण करने एवं कबीर साहेब संतों का आशीर्वाद प्राप्त करने भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं धमतरी की पूर्व विधायक श्रीमती रंजना डीपेंद्र साहू शामिल हुईं। इस अवसर पर उन्होंने संत कबीर परंपरा के प्रमुख पंथ श्री हजूर अर्धनाम साहेब जी एवं पूज्य श्री धर्माधिकारी सुधाकर साहेब जी सहित उपस्थित संत महात्माओं से आशीर्वाद प्राप्त किए। भजन, सत्संग और प्रवचन के आध्यात्मिक समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन उपस्थित रहे, जिससे पूरा परिसर भक्ति और श्रद्धा से ओतप्रोत दिखाई दिया। समारोह के मुख्य संत पंथी श्री हजूर अर्धनाम साहेब जी ने कबीर साहेब वाणी में कहा कि संत कबीर साहेब का संदेश मानव मात्र के कल्याण, सत्य, प्रेम और समानता पर आधारित है, कबीर साहेब ने समाज को जाति-पांति, ऊँच-नीच, आडंबर और दिखावे से दूर रहकर सच्चे सद्गुरु की शरण में आने तथा नाम सुमिरन, सेवा और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। पूज्य श्री धर्माधिकारी सुधाकर साहेब ने कहा कि आज के भौतिकवादी युग में कबीर साहेब की वाणी समाज को आपसी भाईचारे, नैतिकता और आध्यात्मिक चेतना की ओर अग्रसर करती है। उन्होंने श्रद्धालुओं से सत्संग को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने तथा मानव सेवा को ही सच्ची ईश्वर सेवा मानने का संदेश दिया। इस अवसर पर श्रीमती रंजना डीपेंद्र साहू ने संत कबीर वाणी श्रवण कर कहा कि संतों का सान्निध्य मनुष्य के जीवन को सकारात्मक दिशा प्रदान करता है, संत कबीर साहेब की शिक्षाएँ समाज को जोड़ने, सद्भाव बढ़ाने और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं। हमें उनके बताए आदर्शों, सत्य, प्रेम, करुणा, सेवा और समानता को अपने दैनिक जीवन में आत्मसात करना चाहिए, तभी ऐसे आयोजनों की वास्तविक सार्थकता सिद्ध होगी। उन्होंने भव्य एवं सुव्यवस्थित सत्संग समारोह के सफल आयोजन हेतु आयोजन समिति और ग्रामवासियों को बधाई देते हुए क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। कार्यक्रम के दौरान संतों के मधुर भजन, सत्संग प्रवचन और सामूहिक प्रार्थना ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ऊर्जा से अभिभूत कर दिया। इस अवसर पर मुख्य रूप से जनपद अध्यक्ष श्रीमती अंगीरा ध्रुव, पूर्व जनपद सदस्य श्रीमती पूर्णिमा बनपेला, भेष साहू, हरदेव चंद्राकर, आनंद चंद्राकर, द्वारका साहू, अश्वनी साहू, वीरेंद्र ध्रुवंशी, मूलचंद अग्रवाल, घनश्याम सिंह साहू, गौतम साहू, अमर दास साहू, प्रेमलाल साहू, खुमान साहू, धनंजय, शत्रुघ्न सहित आदि प्रमुख गणमान्य नागरिक सत्संग धर्मप्रेमी उपस्थित रहे।