Home Latest  विशेष कार्यशाला: वैज्ञानिक और साक्ष्य-आधारित विवेचना पर जोर, विवेचकों को दिया प्रशिक्षण

 विशेष कार्यशाला: वैज्ञानिक और साक्ष्य-आधारित विवेचना पर जोर, विवेचकों को दिया प्रशिक्षण

धमतरी। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में पुलिस विवेचना को अधिक प्रभावी, वैज्ञानिक एवं साक्ष्य-आधारित बनाने के उद्देश्य से अधिकारियों एवं विवेचकों के लिए एक दिवसीय विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का संचालन वैज्ञानिक अधिकारी श्री वसीम अकरम ने किया।

कार्यशाला में जिले के थाना एवं चौकी प्रभारी सहित विवेचना अधिकारियों ने भाग लिया। वैज्ञानिक अधिकारी ने Crime Scene Investigation के दौरान अपराध स्थल को सुरक्षित रखने, महत्वपूर्ण भौतिक साक्ष्यों के संरक्षण तथा वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य संकलन की प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।

क्राइम सीन सुरक्षित रखने और साक्ष्य संकलन पर प्रशिक्षण

कार्यशाला में बताया गया कि यदि किसी कारणवश वैज्ञानिक अधिकारी तत्काल अपराध स्थल पर नहीं पहुंच पाते हैं, तो पुलिस अधिकारियों को साक्ष्यों की सुरक्षा के लिए किन आवश्यक सावधानियों का पालन करना चाहिए। इसके साथ ही अपराध स्थल पर उपयोग होने वाली आवश्यक सामग्री एवं उपकरणों और साक्ष्यों को सुरक्षित रखने की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया।

अधिकारियों को साक्ष्य संग्रह, संदिग्धों की वैज्ञानिक पहचान तथा अपराध के कारण एवं तरीके के निर्धारण के संबंध में भी प्रशिक्षण दिया गया।

DNA, रक्त, डायटम और आग्नेयास्त्र संबंधी साक्ष्यों पर चर्चा

कार्यशाला में DNA, रक्त, डायटम, आग्नेयास्त्र सहित विभिन्न वैज्ञानिक परीक्षणों की विवेचना में उपयोगिता समझाई गई। धमतरी जिले के पूर्व के कुछ प्रकरणों का उदाहरण देते हुए वैज्ञानिक साक्ष्यों के माध्यम से अपराध की वास्तविकता तक पहुंचने और आरोपियों के विरुद्ध ठोस साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया भी समझाई गई।

वैज्ञानिक जांच से मजबूत होगी पुलिस विवेचना

पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण में वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाते हुए साक्ष्य-आधारित एवं गुणवत्तापूर्ण विवेचना की जाए। उन्होंने वैज्ञानिक साक्ष्यों के प्रभावी उपयोग के माध्यम से अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई और प्रकरणों में अधिक से अधिक दोषसिद्धि सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

इस अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक श्री यशकरण दीप ध्रुव, वैज्ञानिक अधिकारी श्री वसीम अकरम सहित जिले के थाना एवं चौकी प्रभारी तथा बड़ी संख्या में विवेचना अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Exit mobile version