महापौर ने कहा—बच्चों के पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और महिलाओं के सशक्तीकरण में आंगनबाड़ी केंद्रों की महत्वपूर्ण भूमिका
धमतरी | नगर पालिक निगम धमतरी के अंतर्गत वार्डों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और बच्चों को बेहतर शैक्षणिक एवं पोषण संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में विवेकानंद वार्ड के संत लहरी नगर के पास नवनिर्मित आंगनबाड़ी भवन का लोकार्पण महापौर श्री जगदीश रामू रोहरा के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर निगम के शिक्षा, महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रभारी श्रीमती विभा चंद्राकर ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में लोक निर्माण विभाग के सभापति श्री विजय मोटवानी, भाजपा आमदी मंडल अध्यक्ष श्री विनय जैन एवं महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी श्रीमती उषा किरण चंद्राकर उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य, पार्षदगण, एल्डरमैन एवं वार्डवासी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
बच्चों के सर्वांगीण विकास का केंद्र हैं आंगनबाड़ी
लोकार्पण अवसर पर महापौर श्री रामू रोहरा ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के सर्वांगीण विकास की नींव मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यहां बच्चों को प्रारंभिक शिक्षा, पोषण आहार एवं स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ ही गर्भवती महिलाओं और माताओं को भी विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलता है। बेहतर भवन और सुविधाजनक वातावरण मिलने से इन सेवाओं का संचालन अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा।
महापौर ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में नागरिकों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। बच्चों, महिलाओं और आम नागरिकों की सुविधाओं में वृद्धि करना नगरीय विकास का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के सहयोग से वार्डों में आवश्यक सुविधाओं का निरंतर विस्तार किया जाएगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं श्रीमती विभा चंद्राकर ने नवनिर्मित आंगनबाड़ी भवन के लोकार्पण पर महापौर श्री रामू रोहरा के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी भवन उपलब्ध होने से क्षेत्र के बच्चों, माताओं और महिलाओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। इससे आंगनबाड़ी की गतिविधियों के संचालन में सुविधा होगी तथा बच्चों को अनुकूल वातावरण में प्रारंभिक शिक्षा और पोषण संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
लोकार्पण के पश्चात वार्डवासियों ने महापौर के समक्ष भवन एवं शेड निर्माण से संबंधित मांग रखी और क्षेत्र की आवश्यकताओं से अवगत कराया। महापौर श्री रामू रोहरा ने उनकी मांगों को गंभीरता से सुना तथा सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि नागरिकों की आवश्यकताओं के अनुरूप मांगों पर विचार कर नियमानुसार आवश्यक पहल की जाएगी।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भी आंगनबाड़ी केंद्रों को बच्चों के उज्ज्वल भविष्य, बेहतर पोषण और महिलाओं के कल्याण का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। नवनिर्मित भवन के लोकार्पण से क्षेत्र में आंगनबाड़ी सेवाओं को बेहतर आधार मिलने की उम्मीद जताई गई।
इस अवसर पर पार्षद श्री अज्जू देशलहरे, श्री मेघराज ठाकुर, श्री हेमंत बंजारे, श्री ईश्वर सोनकर, श्री शैलेश रजक, श्रीमती नम्रता माला पवार, श्रीमती आशा लोधी, श्री संजय देवांगन सहित श्री विजय साहू, श्री नंदू लोधी, श्री रोहिताश मिश्रा, श्री परणीत साहू एवं बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित थे।
