रींवागहन–कुर्रा मार्ग पर झूठा श्रेय ले नगर निगम क्षेत्र के महापौर : रंजीत साहू

11

धमतरी । रींवागहन–कुर्रा मार्ग के मजबूतीकरण हेतु स्वीकृत 1 करोड़ 94 लाख रुपये की राशि को लेकर भाजपा नेताओं द्वारा श्रेय लेने की होड़ पर कांग्रेस सेक्टर अध्यक्ष रंजीत साहू ने कड़ा प्रतिवाद किया है। कांग्रेस के सेक्टर अध्यक्ष रंजीत साहू ने जारी बयान में कहा है कि क्षेत्रीय विधायक ओंकार साहू के प्रयासों को नजरअंदाज करने भ्रम फैलाने की कोशिश की जा रही है, जो पूरी तरह तथ्यहीन और भ्रामक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्ष 2025-26 के बजट में रींवागहन से कुर्रा मार्ग (लंबाई 2.10 किमी) के मजबूतीकरण हेतु 194 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति क्षेत्रीय विधायक के सतत प्रयासों, विधानसभा में उठाए गए तथ्यों तथा विभागीय समन्वय का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विधायक ने लोक निर्माण विभाग से लगातार पत्राचार कर, अधिकारियों से बैठकें कर और जनहित में प्रस्ताव को प्राथमिकता दिलाकर यह स्वीकृति सुनिश्चित कराई। रंजीत साहू ने कहा कि शहर क्षेत्र के महापौर रामू रोहरा को श्रेय लेने का दावा राजनीतिक प्रपंच मात्र है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का स्वागत किया जाना चाहिए, परंतु झूठा श्रेय लेकर जनता को भ्रमित करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि रींवागहन–कुर्रा मार्ग की जर्जर स्थिति को लेकर ग्रामीणों, किसानों और विद्यार्थियों ने लंबे समय से आवाज उठाई थी। क्षेत्रीय विधायक ने स्वयं स्थल निरीक्षण कर विषय को प्राथमिकता दी और बजट में शामिल कराने के लिए लगातार प्रयास किए। वह स्वागत योग्य है, वास्तविक पहल और स्वीकृति की प्रक्रिया विधायक के प्रयासों से ही पूरी हुई है। कांग्रेस सेक्टर अध्यक्ष ने भाजपा नेताओं से आग्रह किया कि वे विकास कार्यों पर अनावश्यक राजनीति न करें। जनता सब जानती है कि किसने कब और कितना प्रयास किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सदैव विकास के मुद्दों पर सकारात्मक राजनीति में विश्वास रखती है और आगे भी क्षेत्र के हित में कार्य करती रहेगी।