Home Latest राष्ट्रीय एकता दिवस पर धमतरी के 21 स्थानों पर होगा ‘एकता परेड-2026’...

राष्ट्रीय एकता दिवस पर धमतरी के 21 स्थानों पर होगा ‘एकता परेड-2026’ का सीधा प्रसारण

धमतरी। अखंड भारत के शिल्पी एवं लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर 2026, शनिवार को राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर गुजरात के एकता नगर में भव्य ‘एकता परेड-2026’ का आयोजन होगा। समारोह का सीधा प्रसारण शाम 5:30 बजे से दूरदर्शन के डीडी नेशनल, डीडी न्यूज सहित प्रमुख समाचार चैनलों पर किया जाएगा।

एकता परेड में देश के विभिन्न राज्यों के पुलिस बलों एवं केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों द्वारा अनुशासित मार्च पास्ट, साहसिक करतब और विशेष कौशल का प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं विभिन्न राज्यों की लोकसंस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। इस आयोजन में देश की सुरक्षा में तैनात जवानों के शौर्य, साहस और कर्तव्यनिष्ठा के साथ विविधता में एकता की झलक देखने को मिलेगी।

धमतरी जिले के 21 स्थानों पर विशेष व्यवस्था

एसपी भावना पांडेय के निर्देशन में धमतरी पुलिस द्वारा जिले के नागरिकों, पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को इस राष्ट्रीय आयोजन से जोड़ने के लिए जिले के 21 प्रमुख स्थलों पर सीधे प्रसारण की विशेष व्यवस्था की गई है। इसके तहत पुलिस कार्यालयों, थाना-चौकी परिसरों, शैक्षणिक संस्थानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर सामूहिक रूप से परेड का प्रसारण देखा जा सकेगा।

प्रमुख प्रसारण स्थलों में पुलिस अधीक्षक कार्यालय का सभाकक्ष, पुलिस कम्पोजिट भवन रुद्री, गांधी मैदान धमतरी, रुद्री पॉलिटेक्निक कॉलेज, ग्राम पंचायत कुकरेल, आदिवासी छात्रावास अकलाडोंगरी, जनपद सभाकक्ष नगरी तथा सीएएफ कैंप बहीगांव सहित जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी परिसर शामिल हैं।

राष्ट्रीय एकता के संकल्प को मजबूत करने की अपील

धमतरी पुलिस ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे 31 अक्टूबर को शाम 5:30 बजे से अपने नजदीकी निर्धारित प्रसारण स्थल अथवा दूरदर्शन एवं अन्य प्रमुख समाचार चैनलों के माध्यम से एकता परेड-2026 का सीधा प्रसारण अवश्य देखें।

लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में दिए गए अतुलनीय योगदान को स्मरण करते हुए राष्ट्रीय एकता, अखंडता, आपसी सद्भाव और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत बनाने का संकल्प लें।

Exit mobile version