
धमतरी । रक्षाबंधन के पावन अवसर पर मध्यान्ह भोजन रसोइया महासंघ, छत्तीसगढ़ की बहनों ने आज रुद्री स्थित कार्यालय में धमतरी विधायक ओंकार साहू से भेंट कर उन्हें राखी बांधी। इस दौरान रसोइया बहनों ने अपनी विभिन्न मांगों, विशेष रूप से वेतन वृद्धि की मांग को लेकर विधायक को ज्ञापन सौंपा।
रसोइया बहनों ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा द्वारा रसोइया के मानदेय में 50 प्रतिशत वृद्धि करने का वादा किया गया था, लेकिन सरकार बनने के बाद अब तक इस वादे को पूरा नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि मोदी गारंटी के तहत किए गए वादे पूरे नहीं होने से रसोइया बहनों में निराशा है। विधायक ओंकार साहू ने रसोइया बहनों की मांगों एवं समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनकी जायज मांगों को शासन के समक्ष रखने तथा हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। रक्षाबंधन के अवसर पर बहनों द्वारा राखी बांधे जाने पर विधायक ओंकार साहू ने कहा कि यह स्नेह और विश्वास का रिश्ता है।
मध्यान्ह भोजन रसोइया बहनें बच्चों के पोषण और शिक्षा व्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। उनकी मेहनत, समर्पण और अधिकारों का सम्मान होना चाहिए। उनकी जायज मांगों और समस्याओं के लिए आवाज उठाना हमारी जिम्मेदारी है। इस अवसर पर मध्यान्ह भोजन रसोइया महासंघ की पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में रसोइया बहनें उपस्थित रहीं।