मेरा युवा भारत धमतरी के तत्वावधान में ग्राम भोथली में जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता सम्पन्न, मुख्य अतिथि के रूप भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना साहू हुई शामिल

4

युवा शक्ति को अनुशासन और नेतृत्व सिखाते हैं खेल : रंजना साहू

धमतरी | मेरा युवा भारत धमतरी के तत्वावधान में ग्राम भोथली में जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन जतन युवा संगठन के संयोजन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधायक एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती रंजना डिपेंद्र साहू उपस्थित रहीं, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता उपनिदेशक माय भारत छत्तीसगढ़ नितिन कुमार शर्मा ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व जनपद सदस्य एवं भोथली मंडल महिला मोर्चा अध्यक्ष श्रीमती पूर्णिमा बनपेला शामिल हुईं। स्वागत उद्बोधन एवं प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए वक्ताओं ने युवाओं को खेलों के माध्यम से अनुशासन, एकता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। मुख्य अतिथि श्रीमती साहू ने अपने संबोधन में कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम हैं, जो शारीरिक क्षमता के साथ-साथ मानसिक दृढ़ता और नेतृत्व कौशल को भी विकसित करते हैं। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार की प्रतियोगिताओं के आयोजन की सराहना की। प्रतियोगिता में कबड्डी, रस्साकस्सी, रिले रेस, 100 मीटर दौड़, तवा फेंक तथा गोला फेंक सहित विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित की गईं, जिनमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन जतन युवा मंडल भोथली के अध्यक्ष अर्जुन सिंह ने किया। नेहरू युवा केंद्र द्वारा खिलाड़ियों को निःशुल्क खेल सामग्री वितरित की गई। इस अवसर पर भोथली के सरपंच शिवरात्रि गिरिराज मंडावी, पंचगण, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भोथली के प्राचार्य एवं व्याख्यातागण, मेरा युवा भारत धमतरी से भूपेंद्रदास मानिकपुरी, स्टार सेवा समिति से योगेश्वर सिन्हा, संकेत कुमार साहू, युवा मंडल के सदस्य तथा बड़ी संख्या में प्रतिभागी उपस्थित रहे।