Home Latest “मासूम बाढ़ में बह गई… दिल में भरा गुस्सा, आधी रात पेट्रोल...

“मासूम बाढ़ में बह गई… दिल में भरा गुस्सा, आधी रात पेट्रोल पंप पहुंचा और दो बाइक में लगा दी आग”

बच्ची की मौत से भड़का गुस्सा, पेट्रोल पंप में आग लगाने पहुंचा आरोपी; नाकाम हुआ तो दो बाइक जला दीं, गिरफ्तार

धमतरी। मगरलोड थाना क्षेत्र के ग्राम मेघा स्थित मातारानी पेट्रोल पंप में आधी रात आगजनी करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पेट्रोल नोजल में आग लगाने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं होने पर परिसर में खड़ी दो मोटरसाइकिलों को माचिस से आग के हवाले कर दिया और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले में मेघा निवासी 47 वर्षीय जीवन निषाद को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक घटना 1 अक्टूबर 2026 की दरमियानी रात करीब 1:30 बजे की है। जीवन निषाद पेट्रोल पंप परिसर में पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए पेट्रोल नोजल में आग लगाने का प्रयास किया। नोजल में आग लगाने में असफल रहने के बाद उसने परिसर में खड़ी दो मोटरसाइकिलों में माचिस से आग लगा दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

घटना की रिपोर्ट पर थाना मगरलोड में अपराध क्रमांक 194/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 326(एफ) एवं 324(4) में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी की पतासाजी शुरू की और उसे गिरफ्तार कर लिया।

बच्ची की मौत से था आक्रोश, पेट्रोल पंप प्रबंधन को मानता था जिम्मेदार

पुलिस पूछताछ और आरोपी के मेमोरेंडम कथन के अनुसार, 26 सितंबर 2026 को ग्राम मेघा में पेट्रोल पंप के सामने खुले नाले में एक छोटी बच्ची गिर गई थी। इसके बाद वह महानदी में आई बाढ़ के पानी में बह गई थी, जिससे उसकी मृत्यु हो गई थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी इस घटना के लिए पेट्रोल पंप प्रबंधन को जिम्मेदार मानता था और इसी बात को लेकर उसके मन में आक्रोश था। इसी गुस्से में उसने पेट्रोल पंप परिसर में आगजनी की वारदात को अंजाम दिया।

माचिस और घटना के समय पहने कपड़े जब्त

पुलिस ने आरोपी जीवन निषाद के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई माचिस तथा घटना के समय उसके द्वारा पहने गए कपड़े जब्त किए हैं। आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में मगरलोड पुलिस द्वारा मामले में त्वरित कार्रवाई की गई। धमतरी पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी घटना या दुर्घटना से आक्रोशित होकर कानून अपने हाथ में न लें। किसी के विरुद्ध शिकायत होने पर पुलिस एवं संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को सूचना दें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

Exit mobile version