Home Latest मातृ-पितृ पूजन समारोह में उमड़ा श्रद्धा और संस्कार का संगम

मातृ-पितृ पूजन समारोह में उमड़ा श्रद्धा और संस्कार का संगम

धमतरी | सरस्वती शिशु मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय आमदी, जिला धमतरी में मातृ-पितृ पूजन समारोह का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर निगम धमतरी की सभापति श्रीमती कौशिल्या देवांगन अतिथि के रूप में शामिल हुईं। विद्यालय परिवार द्वारा उनका पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्वलन से हुई। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने अपने माता-पिता का तिलक लगाकर, चरण स्पर्श कर एवं आरती उतारकर पूजन किया। इस भावुक दृश्य ने उपस्थित सभी जनों को भावविभोर कर दिया। विद्यालय परिसर में संस्कार, सम्मान और कृतज्ञता का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। अपने उद्बोधन में सभापति कौशिल्या देवांगन ने कहा कि माता-पिता हमारे प्रथम गुरु होते हैं। उनके आशीर्वाद और मार्गदर्शन से ही जीवन में सफलता प्राप्त होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे सदैव अपने माता-पिता का सम्मान करें और उनके बताए मार्ग पर चलें। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि इस प्रकार के कार्यक्रम बच्चों में संस्कार, अनुशासन और पारिवारिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित किए जाते हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया।

Exit mobile version