
धमतरी | महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर शहर के ओना-कोना क्षेत्र स्थित त्रंबकेश्वर महादेव मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव भक्ति और श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर महापौर श्री रामू रोहरा विशेष रूप से उपस्थित रहे और भगवान त्रंबकेश्वर महादेव के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। कार्यक्रम में वृंदावन से पधारे पूज्य महाराज श्री के सान्निध्य में विधि-विधान से प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान संपन्न कराया गया। वैदिक मंत्रोच्चार, हवन-पूजन और भजन-कीर्तन से पूरा वातावरण शिवमय हो गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्तजन उपस्थित रहे और महादेव का आशीर्वाद प्राप्त किया। महापौर श्री रोहरा ने कहा कि महाशिवरात्रि का पर्व हमें श्रद्धा, संयम और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश देता है। त्रंबकेश्वर महादेव मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा से क्षेत्र में आध्यात्मिक वातावरण और अधिक सशक्त होगा। उन्होंने मंदिर समिति और आयोजन से जुड़े सभी श्रद्धालुओं को सफल आयोजन की बधाई दी। इस अवसर पर महापौर ने वृंदावन से पधारे महाराज श्री का आशीर्वाद भी प्राप्त किया और नगरवासियों की सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।






