
शाला परिसर में प्रार्थना शेड निर्माण की स्वीकृति पर शाला परिवार ने महापौर का जताया आभार
धमतरी | नगर के शैक्षणिक संस्थानों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण और मूलभूत सुविधाओं को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से महापौर श्री रामू रोहरा ने आज सुबह दानीटोला वार्ड स्थित माध्यमिक शाला एवं शिव सिंह वर्मा (गर्ल्स हाई स्कूल) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था, विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं तथा स्कूल की अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
महापौर श्री रोहरा ने विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षकों से स्कूल के नियमित कामकाज, विद्यार्थियों की शैक्षणिक गतिविधियों तथा विद्यालय में आवश्यक सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि स्कूलों में स्वच्छ, सुरक्षित और सकारात्मक वातावरण विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद आवश्यक है। उन्होंने विद्यालय परिसर में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने तथा विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान शाला परिसर में विद्यार्थियों के लिए प्रार्थना शेड निर्माण की स्वीकृति मिलने पर शाला परिवार ने महापौर श्री रामू रोहरा के प्रति आभार व्यक्त किया। शाला परिवार ने कहा कि प्रार्थना शेड के निर्माण से विद्यार्थियों को प्रार्थना एवं अन्य सामूहिक गतिविधियों के दौरान सुविधा मिलेगी तथा मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों में भी कार्यक्रम सुचारू रूप से आयोजित किए जा सकेंगे।
महापौर ने कहा कि नगर के विद्यालयों में आवश्यक मूलभूत सुविधाओं का विकास और विद्यार्थियों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को आश्वस्त किया कि आवश्यकतानुसार नगर निगम स्तर पर हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ अन्य गतिविधियों के लिए भी बेहतर सुविधाएं मिल सकें।