मधुरिमा गुरुकुल सेडी में कौशल विकास योजना का लोकार्पण, महापौर रामू रोहरा ने किया ऐतिहासिक शुभारंभ

1

धमतरी। ग्राम पंचायत कोलियारी स्थित मधुरिमा गुरुकुल सेडी शिविर भवन में कौशल विकास योजना का लोकार्पण गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। नगर निगम धमतरी के महापौर श्री रामू रोहरा ने मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होकर वैदिक मंत्रोच्चार एवं दीप प्रज्वलन के साथ विधिवत उद्घाटन किया। फीता काटते ही पूरे परिसर में हर्ष और उल्लास का वातावरण निर्मित हो गया। अपने संबोधन में महापौर श्री रोहरा ने कहा कि शिक्षा और कौशल विकास किसी भी समाज की प्रगति के दो सशक्त आधार हैं। गुरुकुल परंपरा हमारी सांस्कृतिक धरोहर है, जो केवल ज्ञान ही नहीं बल्कि संस्कार, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति का भाव भी विकसित करती है। उन्होंने कहा कि यह शिविर भवन क्षेत्र के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का सशक्त मंच प्रदान करेगा। महापौर ने आगे कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कौशल विकास केंद्रों की स्थापना आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने संस्था की पहल की सराहना करते हुए आश्वासन दिया कि नगर निगम जनहित से जुड़े हर सकारात्मक प्रयास में सहयोग प्रदान करेगा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों,अभिभावकों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही। संस्था प्रमुख द्वारा अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। समारोह के अंत में महापौर ने परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।