
धमतरी | भारत रत्न एवं देश के पूर्व प्रधानमंत्री, महान राजनेता और प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की पुण्यतिथि पर नगर पालिक निगम धमतरी की सभापति श्रीमती कौशिल्या देवांगन ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शत-शत नमन किया।
सभापति श्रीमती कौशिल्या देवांगन ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, लोकतांत्रिक मूल्यों और जनकल्याण के प्रति समर्पित रहा। वे एक कुशल राजनेता होने के साथ-साथ ओजस्वी वक्ता, संवेदनशील कवि और दूरदर्शी राष्ट्रनेता थे। उनके विचारों, आदर्शों और देशहित को सर्वोपरि रखने की भावना ने भारतीय राजनीति को नई दिशा प्रदान की।
उन्होंने कहा कि अटल जी ने अपने व्यक्तित्व और कृतित्व से करोड़ों देशवासियों के हृदय में विशेष स्थान बनाया। उनका जीवन हमें राष्ट्र के प्रति समर्पण, सुशासन, सेवा और एकता की भावना के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। सभापति ने कहा कि अटल जी के आदर्श और उनके राष्ट्रहित के विचार सदैव समाज और आने वाली पीढ़ियों का मार्गदर्शन करते रहेंगे। उनके बताए मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।