Home Latest बालिका के उपचार में तत्परता, सुरक्षा व्यवस्था और सुदृढ़ होगी

बालिका के उपचार में तत्परता, सुरक्षा व्यवस्था और सुदृढ़ होगी

बालिका के उपचार में तत्परता, सुरक्षा व्यवस्था और सुदृढ़ होगी, कलेक्टर ने घटना को अत्यंत संवेदनशीलता से लेते हुए शिक्षा विभाग को स्कूल परिसरों में बच्चों की सुरक्षा के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए

धमतरी | नगरी विकासखंड अंतर्गत शासकीय ज्ञान ज्योति विद्यालय कोटाभरी में अध्ययनरत कक्षा दूसरी की छात्रा नन्दकुमारी कमार (उम्र 8 वर्ष, पिता – श्री सुखराम कमार) के स्कूल की छत से गिरकर घायल हो जाने की दुर्भाग्यपूर्ण घटना सामने आई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 28 जुलाई की शाम लगभग 4 बजे बच्ची स्कूल की छत पर चढ़ गई थी, जहां से जुड़ी हुई एक अन्य छत की ओर जाते समय उसका पैर फिसल गया और वह नीचे गिर गई। इस हादसे में उसे हाथ में फ्रैक्चर और चोट आई। जानकारी मिलते ही कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने बेहतर इलाज के निर्देश दिए । सूचना मिलते ही बच्ची को प्राथमिक उपचार हेतु नगरी के शासकीय अस्पताल लाया गया, जहां से बेहतर उपचार हेतु रात ही जिला अस्पताल धमतरी रेफर किया गया। इस दौरान 108 एम्बुलेंस की व्यवस्था में देरी हुई, जिसे समाजसेवियों और स्थानीय प्रतिनिधियों की मदद से संभव बनाया गया।घटना की सूचना मिलने पर जिला शिक्षा अधिकारी और नगरी विकासखंड शिक्षा अधिकारी द्वारा तत्परता से संज्ञान लिया गया। जिला अस्पताल में प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा बच्ची के स्वास्थ्य की जानकारी ली गई और समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित की गई। कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने इस गंभीर घटना को अत्यंत संवेदनशीलता से लेते हुए शिक्षा विभाग को स्कूल परिसरों में बच्चों की सुरक्षा के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि स्कूल समय के बाद किसी भी परिस्थिति में बच्चों को परिसर में अकेले नहीं रहने दिया जाए। उन्होंने समस्त स्कूल प्रबंधन को यह सुनिश्चित करने हेतु दिशा-निर्देश जारी किए हैं कि स्कूल भवन, छत और अन्य संरचनाओं की नियमित निगरानी हो, तथा सुरक्षा उपायों की पूर्ण पालना हो। साथ ही, कलेक्टर ने यह भी निर्देशित किया है कि ग्रामीण और विशेष जनजातीय वर्गों के बच्चों के हित में समय पर चिकित्सा सहायता पहुंचाने हेतु संचार व्यवस्था और एम्बुलेंस सेवाओं की पहुंच को सुदृढ़ किया जाए। प्रशासन द्वारा इस घटना की विस्तृत जांच कराई जा रही है ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोका जा सके।

Exit mobile version