Home Latest पुरानी कृषि उपज मंडी परिसर में प्रस्तावित एग्रोमॉल एवं हाईटेक थोक सब्जी...

पुरानी कृषि उपज मंडी परिसर में प्रस्तावित एग्रोमॉल एवं हाईटेक थोक सब्जी मंडी के विकास पर हुई विस्तृत चर्चा

पुरानी कृषि उपज मंडी परिसर में प्रस्तावित एग्रोमॉल एवं हाईटेक थोक सब्जी मंडी के विकास पर हुई विस्तृत चर्चा
पुरानी कृषि उपज मंडी परिसर में प्रस्तावित एग्रोमॉल एवं हाईटेक थोक सब्जी मंडी के विकास पर हुई विस्तृत चर्चा

धमतरी | नवीन कृषि उपज मंडी श्यामतराई, धमतरी में आज पुरानी कृषि उपज मंडी परिसर में प्रस्तावित कृषि बाजार (एग्रोमॉल) की स्थापना एवं नवीन कृषि उपज मंडी श्यामतराई में आधुनिक हाईटेक थोक सब्जी मंडी विकसित किए जाने के संबंध में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के कृषि दवा, कृषि उपकरण, ट्रैक्टर एवं अन्य थोक व्यापारियों के साथ-साथ चेम्बर ऑफ कॉमर्स इकाई धमतरी के प्रतिनिधियों ने सहभागिता कर अपने सुझाव प्रस्तुत किए।

बैठक में नगर पालिका परिषद धमतरी के आयुक्त श्री वरुण कुमार वर्मा, उपसंचालक कृषि श्री मोनेश कुमार साहू तथा मंडी बोर्ड रायपुर के कार्यपालन अभियंता श्री दिलीप निगम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान प्रस्तावित एग्रोमॉल में थोक व्यापारियों के लिए दुकानों के आकार, सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था, आवश्यक अधोसंरचना, यातायात की सुगमता तथा व्यापारिक गतिविधियों के अनुकूल सुविधाओं पर विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया गया। इसके साथ ही नवीन कृषि उपज मंडी श्यामतराई में प्रस्तावित हाईटेक थोक सब्जी मंडी की रूपरेखा, आधुनिक सुविधाओं, भंडारण, लोडिंग-अनलोडिंग एवं विपणन व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के संबंध में भी सार्थक चर्चा हुई।

बैठक में उपस्थित व्यापारिक संगठनों एवं प्रतिनिधियों से प्राप्त सुझावों को योजनाओं के अंतिम स्वरूप में समाहित करने पर सहमति व्यक्त की गई। अधिकारियों ने कहा कि प्रस्तावित एग्रोमॉल एवं हाईटेक थोक सब्जी मंडी के विकसित होने से जिले में कृषि विपणन व्यवस्था अधिक सुदृढ़ होगी, व्यापारियों को आधुनिक एवं व्यवस्थित व्यावसायिक वातावरण मिलेगा तथा किसानों को अपनी उपज के बेहतर विपणन और विपणन सुविधाओं का लाभ प्राप्त होगा। इससे धमतरी जिले में कृषि आधारित व्यापार एवं आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलने की अपेक्षा है।

Exit mobile version