Home Latest पांच विशेष बच्चों की यूनिफॉर्म के लिए सार्थक स्कूल को मिला सहयोग

पांच विशेष बच्चों की यूनिफॉर्म के लिए सार्थक स्कूल को मिला सहयोग

पांच विशेष बच्चों की यूनिफॉर्म के लिए सार्थक स्कूल को मिला सहयोग
पांच विशेष बच्चों की यूनिफॉर्म के लिए सार्थक स्कूल को मिला सहयोग

छोटा-सा सहयोग भी किसी बच्चे के भविष्य को संवार सकता है — श्रीमती कामिनी कौशिक

धमतरी | विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए समर्पित सार्थक स्कूल, धमतरी में समाजसेवी एवं राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित, साथ ही मंच संचालन के क्षेत्र में गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज करा चुकीं श्रीमती कामिनी कौशिक ने पाँच आर्थिक रूप से कमजोर विशेष बच्चों की स्कूल यूनिफॉर्म बनवाने हेतु सहयोग राशि प्रदान की। उनका यह संवेदनशील सहयोग समाज के लिए प्रेरणादायी उदाहरण बन गया।

अपने जन्मदिन के अवसर पर श्रीमती कौशिक सार्थक पहुँचीं और विशेष बच्चों के साथ आत्मीय वातावरण में अपना जन्मदिन मनाया। वे बच्चों के लिए केक एवं गर्म स्वल्पाहार लेकर आईं। इस अवसर पर उनके साथ लायनेस क्लब धमतरी की पूर्व अध्यक्ष एवं समाजसेवी श्रीमती ज्योति गुप्ता भी उपस्थित रहीं। उन्होंने बच्चों को टॉफी एवं बिस्किट वितरित कर उनके साथ स्नेहपूर्ण समय बिताया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने मनमोहक गीत एवं नृत्य की प्रस्तुति देकर अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया तथा श्रीमती कौशिक को जन्मदिन की शुभकामनाएँ दीं।

इस अवसर पर श्रीमती कौशिक ने कहा, सार्थक के बच्चों का स्नेह, अनुशासन, आत्मविश्वास और मुस्कान मेरे हृदय को छू गई। इन बच्चों के बीच बिताया गया समय मेरे जन्मदिन का सबसे सुंदर उपहार है। मैं इनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करती हूँ और विश्वास है कि अवसर मिलने पर ये शिक्षा, खेल तथा जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में नई ऊँचाइयाँ प्राप्त करेंगे।श्रीमती ज्योति गुप्ता ने कहा, सार्थक के बच्चे अपनी प्रतिभा, लगन और निरंतर प्रयास से समाज को प्रेरित कर रहे हैं। प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को ऐसे बच्चों की आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए अपनी सामर्थ्य के अनुसार सहयोग करना चाहिए।

सार्थक की अध्यक्ष डॉ. सरिता दोशी ने दोनों समाजसेवियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पाँच विशेष बच्चों की यूनिफॉर्म के लिए मिला यह सहयोग अत्यंत सराहनीय एवं प्रेरणादायी है। उन्होंने बताया कि सार्थक में अध्ययनरत अनेक विशेष बच्चे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आते हैं और अभी भी कई बच्चों को स्कूल यूनिफॉर्म की आवश्यकता है। यदि समाज के संवेदनशील नागरिक इसी प्रकार सहयोग के लिए आगे आएँ, तो कोई भी विशेष बच्चा संसाधनों के अभाव में पीछे नहीं रहेगा तथा प्रत्येक बच्चा सम्मान, आत्मविश्वास और समान अवसरों के साथ विद्यालय आ सकेगा।कार्यक्रम में सुभाष मालिक, प्रशिक्षक मैथिली गोड़े, देविका दीवान, कौशिल्या यादव, काजल रजक, सुनैना गोड़े एवं सविता शेख उपस्थित रहे।

Exit mobile version