निरीक्षक दिनेश कुर्रे व प्रधान आरक्षक दिलहरण सिंह ठाकुर राज्यस्तरीय पुरस्कार से  सम्मानित

567

पुलिस महानिदेशक  डी.एम. अवस्थी ने किया पुरस्कृत

धमतरी | राज्य शासन द्वारा प्रति वर्षानुसार राष्ट्रीय पर्व स्वाधीनता दिवस के अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राज्य स्तरीय विभिन्न पुरस्कारों से पुरस्कृत किया जाता है। इसी परिप्रेक्ष्य में धमतरी पुलिस इकाई के अजाक थाना में पदस्थ निरीक्षक दिनेश कुर्रे थाना प्रभारी अजाक एवं प्रधान आरक्षक  दिलहरण सिंह ठाकुर को राज्य स्तरीय पुरस्कार से पुरस्कृत किए जाने हेतु नामांकित किया गया। पुलिस महानिदेशक छत्तीसगढ़ डीएम अवस्थी द्वारा निरीक्षक दिनेश कुर्रे को उनके उत्कृष्ट कार्य के फलस्वरुप शहीद वीर नारायण सिंह पुरस्कार जिसके तहत नगद 50000 प्रशंसा पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इसी प्रकार प्रधान आरक्षक  दिलहरण सिंह ठाकुर को अनुसूचित जनजाति वर्ग के लोगों पर होने वाले अत्याचार को रोकने तथा उन पर घटित अत्याचार के मामले में उन्हें राहत पहुंचाने हेतु उत्कृष्ट कार्य के फलस्वरुप मुख्यमंत्री पुरस्कार के तहत नगद 50000 प्रशंसा पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित व पुरस्कृत किया गया।

इस अवसर  पर पुलिस अधीक्षक बी.पी. राजभानू ने कहा कि धमतरी जिले के लिए गौरव का विषय है कि धमतरी पुलिस के ऊर्जावान निरीक्षक दिनेश कुर्रे व प्रधान आरक्षक दिलहरण सिंह ठाकुर को उनके उत्कृष्ट कार्य के फलस्वरूप राज्य स्तरीय पुरस्कार से पुरस्कृत किया गया।  अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनीषा ठाकुर रावटे ने कहा कि इकाई में पदस्थ सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इनसे प्रेरणा लेकर अपनी क्षमता के अनुरूप उत्कृष्ट कार्य का प्रदर्शन करना चाहिए। उप पुलिस अधीक्षक अजाक   सारिका वैद्य, उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय  अरुण जोशी एवं धमतरी पुलिस के सभी अधिकारियों ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए राज्य स्तरीय पुरस्कार हेतु पुरस्कृत किए जाने पर बधाइयां एवं शुभकामनाएं दी हैं।