नगर निगम का गोठान बदहाल , पशु चिकित्सक कक्ष में भूसा, चारे और इलाज के अभाव में गाय की मौत

698

गोठानों की दशा नही सुधरी तो भाजपा करेगी गौरक्षा आंदोलन : ठा. शशि पवार

धमतरी | ग्राम अर्जुनी में नगर निगम द्वारा संचालित गोठान में गौ माता की मृत्यु का समाचार मिलने पर भाजपा पदाधिकारियों एवं पार्षदों का  प्रतिनिधिमंडल गोठान का निरीक्षण करने पहुँचा। जिलाध्यक्ष शशि पवार के नेतृत्व में जिला महामंत्री कविन्द्र जैन नेता प्रतिपक्ष नरेन्द्र रोहरा, युवा नेता महेंद्र पंडित, मंडल अध्यक्ष विजय साहू, ऋषभ देवांगन, मंडल महामंत्री नीलेश लुनिया, अखिलेश सोनकर, पार्षद हेमंत, बंजारे मिथिलेश सिन्हा श्यामलाल नेताम, राजेन्द्र शर्मा, सरिता असाई, रितेश नेताम ,टिकेश्वर, जितेश सिन्हा  ने  निगम के गोठान का मुआयना किया। पदाधिकारियों ने बताया कि

गोठान में अव्यवस्था का आलम यह था कि गाय के चारा खाने वाले कोटनों में सड़ा हुआ गीला चारा था जिस पर कीड़े बिलबिला रहे थे। गायों को  घटिया क्वालिटी का सड़ा हुआ चारा खिलाया जा रहा था। वहाँ की ज्यादातर गाय कुपोषण का शिकार हो चुकी है। पशु चिकित्सक के कक्ष में चारा भर के रखा गया है। भूख तथा इलाज के अभाव में गाय की मौतें हो रही है | बीमारी के संक्रमण का खतरा भी बना हुआ है। गंदगी का आलम यह है कि गाय रखने की जगह कीचड़ में सनी हुई है। मौके पर केवल एक कर्मचारी गोठान की देखभाल कर रहा है। गोठान की दुर्दशा को देख कर ऐसा प्रतीत हो रहा जैसे गौ माता को किसी कैदखाने में यातना देने के लिये ठूँस दिया गया हो।

गौमाता के नाम पर सरकार के बड़े बड़े दावों की असलियत इतनी भयावह है कि देख कर किसी भी गौ भक्त का हृदय पसीज जायेगा। जिलाध्यक्ष ठा शशि पवार ने कहा कि गौमाता की मौत के लिये निगम के महापौर जिम्मेदार हैं और यदि गोठानों की व्यवस्था में तत्काल सुधार नही किया गया तो भारतीय जनता पार्टी चैन से नही बैठेगी हमारे कार्यकर्ता जन सामान्य एवं गौभक्तों के साथ मिलकर गौरक्षा आंदोलन चलायेंगे।