Home Local नगरी ब्लॉक के चार मृतक के परिजनों को मिलेगी आर्थिक सहायता राशि

नगरी ब्लॉक के चार मृतक के परिजनों को मिलेगी आर्थिक सहायता राशि

धमतरी | प्राकृतिक आपदा से जिले के नगरी विकासखण्ड के चार मृतक के परिजनों को कलेक्टर जय प्रकाश मौर्य ने आर.बी.सी. 6-4 के तहत चार-चार लाख रूपए की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की है। मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम हरदीभाठा निवासी  बुधलाल मरकाम की पानी में डूबने से 18 मार्च 2019 को मृत्यु हो गई।

इसके मद्देनजर उनकी पत्नी श्रीमती जयंती मरकाम को आर.बी.सी. 6-4 के तहत चार लाख रूपए की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की गई है। ग्राम कोंगेरा (बिरगुड़ी) निवासी  बंदनसिंग नेताम की पानी में डूबने से सात अप्रैल 2020 को मृत्यु हो गई। इसके फलस्वरूप पत्नी श्रीमती गीता बाई नेताम को आर.बी.सी. 6-4 के तहत आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत किया गया। इसी तरह ग्राम गोविन्दपुर के दम्पत्ति  रामनाथ नेताम और श्रीमती मंगली बाई नेताम की आकाशीय बिजली (गाज) गिरने से 15 मई 2020 को मृत्यु हो गई। इसके मद्देनजर उनके पुत्र/पुत्री क्रमशः   राधेलाल नेताम,  श्यामलाल, सुश्री रजनीबाई को, प्रत्येक मृतक चार-चार लाख रूपए के हिसाब से कुल आठ लाख रूपए की आर्थिक सहायता राशि आर.बी.सी. 6-4 के तहत स्वीकृत किया गया है।

Exit mobile version