धमतरी विधानसभा को मिली 3 अत्याधुनिक एंबुलेंस, अब आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं होंगी और मजबूत

0

महापौर रामू रोहरा 1 अप्रैल को जिला अस्पताल में दिखाएंगे हरी झंडी

धमतरी । जिले में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए धमतरी जिले को 10 एंबुलेंस मिली हैं जिसमें तीन अत्याधुनिक एंबुलेंस धमतरी में रहेगी । इन एंबुलेंस में एडवांस लाइफ सपोर्ट (ALS) सिस्टम की सुविधा उपलब्ध है, जो गंभीर रूप से बीमार और दुर्घटना में घायल मरीजों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होगी। इन एंबुलेंस में वेंटिलेटर, कार्डियक मॉनिटर, ऑक्सीजन सपोर्ट सहित अन्य आधुनिक चिकित्सा उपकरण मौजूद हैं, जिससे मरीजों को अस्पताल पहुंचने से पहले ही प्राथमिक उपचार मिल सकेगा। इन नई एंबुलेंस को 1 अप्रैल को दोपहर 12 बजे जिला चिकित्सालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान महापौर रामू रोहरा द्वारा हरी झंडी दिखाकर जनता को समर्पित किया जाएगा। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति भी रहेगी। धमतरी क्षेत्र में तीन नई एंबुलेंस के जुड़ने से पर्याप्त एंबुलेंस की सुविधा उपलब्धता हो जाएगी। इससे जिले के शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में मरीजों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में काफी मदद मिलेगी। विशेष रूप से दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को अब आपात स्थिति में तेजी से अस्पताल पहुंचाया जा सकेगा। महापौर रामू रोहरा ने इस अवसर पर कहा कि धमतरी को बेहतर और त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि “आपातकालीन स्थिति में हर मिनट महत्वपूर्ण होता है। इन अत्याधुनिक एंबुलेंस के माध्यम से हम मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने में सक्षम होंगे, जिससे कई गंभीर स्थितियों में जान बचाई जा सकेगी। उन्होंने आगे कहा कि धमतरी में स्वास्थ्य सुविधाओं को लगातार बेहतर बनाने के लिए शासन और प्रशासन मिलकर काम कर रहे हैं। आने वाले समय में और भी स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा ताकि जिले के लोगों को बड़े शहरों पर निर्भर न रहना पड़े। नई एंबुलेंस की उपलब्धता से निश्चित रूप से धमतरी की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और आमजन को राहत पहुंचेगी।