धमतरी में 13 मार्च को लगेगा महा रोजगार मेला, 400 युवाओं को मिलेगा रोजगार का अवसर

3

धमतरी | जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 13 मार्च 2026 को धमतरी के लाइवलिहुड कॉलेज में महा रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा के निर्देश पर आयोजित इस मेले में विभिन्न सेक्टरों की प्रतिष्ठित कंपनियों और नियोजकों को आमंत्रित किया गया है। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि जिले के विभिन्न व्यावसायिक केंद्रों, युवा कार्यक्रमों तथा कौशल प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए यह आयोजन किया जा रहा है। रोजगार मेले में आईटी, कंस्ट्रक्शन, इलेक्ट्रॉनिक्स, हार्डवेयर, सुरक्षा गार्ड, रिटेल, ऑटोमोटिव सहित विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियां शामिल होंगी। रोजगार मेला में कंप्यूटर ऑपरेटर, सॉफ्टवेयर डिजाइनर, इलेक्ट्रीशियन, कंप्यूटर हार्डवेयर रिपेयर, प्लंबर, सेल्समैन, सुरक्षा गार्ड और टैक्सी ड्राइवर जैसे पदों के लिए लगभग 400 युवाओं के नियोजन का लक्ष्य रखा गया है। स्थानीय स्तर के नियोजकों को प्राथमिकता देते हुए जिला रोजगार कार्यालय को संबंधित कंपनियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही रोजगार मेले में भाग लेने वाले नियोजकों की जानकारी पूर्व में लाइवलीहुड कॉलेज धमतरी को उपलब्ध कराने को कहा गया है। प्रशासन का उद्देश्य जिले के अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में पहल करना है।