Home Latest धमतरी में उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत 22 मार्च को होगी...

धमतरी में उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत 22 मार्च को होगी महापरीक्षा, कलेक्टर ने की सहभागिता की अपील

धमतरी | जिले में साक्षरता को जन-आंदोलन का रूप देने हेतु उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक आकलन परीक्षा (FLNAT) का आयोजन आगामी 22 मार्च 2026 (रविवार) को किया जाएगा। इस संबंध में कलेक्टर एवं जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण के अध्यक्ष अबिनाश मिश्रा ने जिले के समस्त शिक्षार्थियों से परीक्षा में उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील की है। कलेक्टर ने अपने संदेश में कहा कि वर्तमान विकसित समाज में अशिक्षा एक बड़ी बाधा है, जिसे दूर करना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के उद्देश्यों के अनुरूप जिले को पूर्ण साक्षर बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि जिले के सभी ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकायों में संचालित उल्लास साक्षरता केन्द्रों के माध्यम से शिक्षार्थियों को अक्षर ज्ञान एवं अंक ज्ञान प्रदान किया गया है। अब इनकी प्रगति के मूल्यांकन हेतु यह परीक्षा आयोजित की जा रही है। परीक्षा में वही शिक्षार्थी सम्मिलित हो सकेंगे, जिनका पंजीयन उल्लास पोर्टल में ऑनलाइन दर्ज है तथा जिन्होंने निर्धारित पाठ्यक्रम (उल्लास प्रवेशिका) पूर्ण कर लिया है। कलेक्टर ने विशेष रूप से स्वयंसेवी शिक्षकों, ग्राम प्रभारियों, तथा जिला एवं विकासखंड स्तर के अधिकारियों से अपील की है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक शिक्षार्थियों की परीक्षा में उपस्थिति सुनिश्चित करें और इस राष्ट्रव्यापी महापरीक्षा अभियान को सफल बनाएं। उन्होंने आगे कहा कि साक्षरता केवल पढ़ने-लिखने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आत्मनिर्भरता, जागरूकता और बेहतर जीवन स्तर की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। साक्षर नागरिक ही समाज और राष्ट्र के समग्र विकास में सक्रिय भूमिका निभा सकता है। अंत में कलेक्टर ने प्रेरक संदेश देते हुए कहा “अशिक्षित को शिक्षा दो और अज्ञानी को ज्ञान, क्योंकि शिक्षा से ही बन सकता है भारत महान।” जिला प्रशासन ने सभी पात्र शिक्षार्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि पर अपने निकटतम परीक्षा केन्द्र में उपस्थित होकर इस अभियान को सफल बनाएं।

Exit mobile version