सफल आयोजन के लिए जताया आभार, खेल सुविधाओं के विस्तार एवं प्रशिक्षण हॉल की रखी मांग
धमतरी | धमतरी जिला पावर लिफ्टिंग संघ के पदाधिकारियों एवं खिलाड़ियों ने नगर निगम महापौर रामू रोहरा से सौजन्य मुलाकात कर हाल ही में आयोजित पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिता के सफल आयोजन में मिले सहयोग एवं प्रोत्साहन के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रतियोगिता में धमतरी जिले के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए “चैंपियन ऑफ चैंपियन ओवरऑल” का खिताब अपने नाम किया। वहीं महिला वर्ग में भी धमतरी ने “चैंपियन ऑफ चैंपियन” का गौरव हासिल कर जिले का नाम रोशन किया।
खिलाड़ियों की इस शानदार उपलब्धि पर महापौर श्री रामू रोहरा ने सभी खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
महापौर श्री रामू रोहरा ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार खेल और खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रदेश सरकार की मंशा है कि युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं, आधुनिक प्रशिक्षण और आवश्यक संसाधन उपलब्ध हों, ताकि वे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन राज्य, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कर सकें।
महापौर ने कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व विकास, अनुशासन और स्वस्थ जीवन का सशक्त माध्यम है। नगर निगम द्वारा खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग प्रदान करने का प्रयास किया जाएगा ताकि धमतरी के खिलाड़ी प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का गौरव बढ़ाते रहें।
इस दौरान जिला पावर लिफ्टिंग संघ के पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों के बेहतर प्रशिक्षण के लिए खेल सामग्री उपलब्ध कराने तथा एक समर्पित प्रशिक्षण हॉल की व्यवस्था करने की मांग भी महापौर के समक्ष रखी। महापौर ने मांगों पर सकारात्मक पहल करने का आश्वासन देते हुए कहा कि खिलाड़ियों की सुविधाओं के विस्तार के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
इस अवसर पर जिला पावर लिफ्टिंग संघ के अध्यक्ष लोकेश पवार, सचिव देवेंद्र यादव, कोषाध्यक्ष टिक्की निर्मलकर, उपाध्यक्ष योगेश साहू, अभय भावना किरी, वंदना कुर्रे, सिद्धार्थ तिवारी, रितेश साहू, दुर्गेश पटेल, डलेश्वरी सिन्हार, रागिनी साहू सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी एवं संघ के पदाधिकारी उपस्थित रहे।