Home Latest धमतरी के कर्राघाटी में तेंदुए का आतंक: दो ग्रामीणों पर हमले के...

धमतरी के कर्राघाटी में तेंदुए का आतंक: दो ग्रामीणों पर हमले के बाद मादा तेंदुआ मृत मिली, वन विभाग ने शुरू की जांच

घायलों का अस्पताल में उपचार, वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज, मौत के कारणों की न्यायिक जांच जारी
घायलों का अस्पताल में उपचार, वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज, मौत के कारणों की न्यायिक जांच जारी

घायलों का अस्पताल में उपचार, वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज, मौत के कारणों की न्यायिक जांच जारी

धमतरी | धमतरी वनमंडल के बिरगुड़ी परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम कर्राघाटी में शुक्रवार देर रात तेंदुए के हमले से दहशत फैल गई। तेंदुए ने दो ग्रामीणों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। वहीं कुछ घंटे बाद एक ग्रामीण के घर के बरामदे में मादा तेंदुआ मृत अवस्था में मिली। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल उपचार के लिए नगरी सिविल अस्पताल भेजा। साथ ही नियमानुसार उनके परिजनों को तत्काल आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई।

वन विभाग के अनुसार, घायल ग्रामीणों में धरम नेताम (30 वर्ष) और गांधी राम (55 वर्ष) शामिल हैं। ग्रामीणों ने बताया कि देर रात तेंदुआ पहले गांधी राम के घर में घुसा और उन पर हमला कर दिया। शोर मचाने पर तेंदुआ वहां से भागकर करीब 500 मीटर दूर अंजोर सिंह के घर में घुस गया। सूचना मिलने पर धरम नेताम और अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तेंदुए को भगाने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान तेंदुए ने धरम नेताम पर भी हमला कर उन्हें घायल कर दिया। ग्रामीणों ने किसी तरह अपनी जान बचाई और घरों में शरण ली। कुछ देर बाद तेंदुआ फिर उसी घर में लौट आया, जिसके बाद ग्रामीण पीछे के रास्ते से निकलकर सुरक्षित स्थान पर चले गए। सुबह लौटने पर अंजोर सिंह के घर के बरामदे में मादा तेंदुआ मृत अवस्था में पड़ी मिली, जिसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दी गई।

सूचना मिलते ही संयुक्त वनमंडलाधिकारी एस.एस. नाविक, उप वनमंडलाधिकारी संजय रौतिया, वनक्षेत्रपाल धीरेन्द्र साहू, संदीप सोम सहित वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचा। वन विभाग ने वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 के तहत वन अपराध प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई शुरू की।

वनमंडलाधिकारी श्री जाधव श्रीकृष्ण (भा.व.से.) ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। मादा तेंदुए का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसकी मौत के कारणों की न्यायिक जांच के लिए बिसरा सुरक्षित रखा गया तथा नियमानुसार शव का अंतिम संस्कार किया गया। शवदाह के दौरान सिहावा विधानसभा क्षेत्र की विधायक अंबिका मरकाम भी उपस्थित रहीं।

वन विभाग ने बताया कि तेंदुए की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Exit mobile version