Home Latest धनतेरस-दीपावली पर महापौर रामू रोहरा ने घड़ी चौक के फुटकर बाजार से...

धनतेरस-दीपावली पर महापौर रामू रोहरा ने घड़ी चौक के फुटकर बाजार से की खरीदारी, शहरवासियों से की ‘लोकल फॉर वोकल’ को बढ़ावा देने की अपील

धमतरी | धनतेरस एवं दीपावली के पावन पर्व पर महापौर जगदीश ‘रामू’ रोहरा ने समस्त नगरवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने घड़ी चौक में सजे फुटकर बाजार पहुंचकर स्थानीय दुकानों से अपने परिवार के साथ खरीदारी की और ‘लोकल फॉर वोकल’ अभियान को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया।

महापौर श्री रोहरा ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि त्योहारों की खुशियां तभी और बढ़ती हैं, जब हम अपने स्थानीय दुकानदारों और छोटे व्यवसायियों के चेहरों पर भी मुस्कान लाएं। उन्होंने सभी नागरिकों से आग्रह किया कि धनतेरस एवं दीपावली के अवसर पर अधिक से अधिक खरीदारी अपने शहर के स्थानीय फुटकर बाजार और दुकानों से करें, ताकि स्थानीय कारोबार को बढ़ावा मिले और धमतरी की अर्थव्यवस्था मजबूत हो।

उन्होंने कहा कि ‘लोकल फॉर वोकल’ केवल एक नारा नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर भारत की दिशा में जनभागीदारी का संकल्प है। स्थानीय उत्पादों और छोटे दुकानदारों को प्रोत्साहन देना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। जब हम अपने शहर के स्थानीय बाजार से खरीदारी करेंगे, तभी स्थानीय रोजगार, कारोबार और आत्मनिर्भरता को नई मजबूती मिलेगी।

Exit mobile version