Home Latest ट्रिपल इंजन की सरकार में तिगुनी गति से होगा विकास – कविंद्र

ट्रिपल इंजन की सरकार में तिगुनी गति से होगा विकास – कविंद्र

साय कैबिनेट की बैठक में किसानों के लिए किए गए बड़े फैसले

धमतरी । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरकार ने बजट सत्र से पहले केबिनेट की बैठक में अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए। केबिनेट की बैठक में किसानों के लिए गए फैसलों का स्वागत करते हुए भाजपा नेता कविंद्र जैन ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पूरे 5 साल जनकल्याण के कार्य करती रहती है। लोकसभा चुनावों के बाद स्थानीय निकायों एवं त्रिस्तरीय पंचायतों के चुनाव भी लगभग संपन्न हो चुके हैं। अब आने वाले 2–3 साल प्रदेश में कोई ऐसा चुनाव भी नहीं है उसके बावजूद भी विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली छत्तीसगढ़ की सरकार की प्रदेश की जनता को समृद्ध और खुशहाल बनाने के लिए प्रतिबद्धता में कोई कमी नहीं आई है। बजट सत्र से पहले हुई केबिनेट की बैठक में 2024–25 के लिए समर्थन मूल्य पर किसानों से उपार्जित धान की शेष राशि के भुगतान के लिए 3300 करोड़ रुपयों की अनुमति का अनुमोदन किया गया। किसानों को नवीन और उन्नत किस्म के बीज की उपलब्धता हो सके इसके लिए छूट प्रदत्त संस्थाओं की सूची में विस्तार करने का निर्णय लिया गया। साथ ही बीज निगम द्वारा बीज उपार्जन पंजीकृत किसानों से प्राथमिकता से किए जाने का निर्णय लिया गया। केबिनेट बैठक में महामहिम राज्यपाल महोदय के अभिभाषण का अनुमोदन किया गया। बजट सत्र में आने वाले अनेक विधेयकों जैसे छग विनियोग विधेयक 2025, छग लोकतंत्र सेनानी सम्मान विधेयक 2025, भारतीय स्टाम्प अधिनियम 1899 (छत्तीसगढ़ संशोधन) विधेयक 2025 के प्रारूपों का अनुमोदन किया गया। आगामी सत्र में छत्तीसगढ़ की जनता के सर्वांगीण विकास को दृष्टिगत रखते हुए तथा ट्रिपल इंजन की सरकार तिगुनी गति से विकास कर सके इसकी संपूर्ण रूपरेखा 2025 के राज्य के बजट में परिलक्षित होगी।

Exit mobile version