
बॉलीवुड की जानी-मानी अभिनेत्री जेनेलिया डिसूजा इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म ट्रायल पीरियड को लेकर चर्चा में हैं। अब निर्माताओं ने फिल्म का नया गाना गोले माले जारी कर दिया है, जिसे श्रेया घोषाल, देव नेगी और कौशिक-गुड्डू ने मिलकर गाया है। ट्रायल पीरियड में जेनेलिया की जोड़ी पहली बार मानव कौल के साथ बनी है। इसका प्रीमियर 21 जुलाई से जियो सिनेमा पर किया जाएगा। जियो सिनेमा ने अपने आधिकारिक ट्विटर पर ट्रायल पीरियड का नया गाना साझा किया है। इसके कैप्शन में उन्होंने लिखा, इस गाने को हम अपने दिमाग से नहीं निकाल सकते। ट्रायल पीरियड में शक्ति कपूर भी अहम भूमिका में नजर आएंगे। इसका निर्देशन आलिया सेन ने किया है, जबकि यह फिल्म हेमंत भंडारी, अमित रविंदरनाथ शर्मा, अलेया सेन और ज्योति देशपांडे द्वारा निर्मित है। गौरतलब है कि जेनेलिया को पिछली बार मराठी फिल्म वेड में देखा गया था।