जिले के एक लाख दो हजार से अधिक किसान होंगे लाभान्वित : राजीव गांधी किसान न्याय योजना से

551

पहली किश्त के रूप में 74 करोड़ 35 लाख 66 हजार रूपए किसानों के खाते में डाले गए
मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने किया राजीव गांधी किसान न्याय योजना का शुभारंभ

धमतरी | देश के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय  राजीव गांधी के शहादत दिवस के अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री  भूपेश बघेल ने राजधानी रायपुर में वीडियो कॉन्फ़्रेंसिंग  के जरिए किसानों के लिए आज पूरे प्रदेश में ’राजीव गांधी किसान न्याय योजना’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर श्रीमती सोनिया गांधी और  राहुल गांधी भी वीडियो कॉन्फ़्रेंसिंग  के जरिए जुड़े रहे। प्रदेश के किसानों के लिए शुरू की गई इस योजना से जिले के 1,02,497 किसानों को लाभ पहुंचेगा। गौरतलब है कि कृषि में पर्याप्त निवेश एवं कास्त लागत में राहत देने राज्य शासन द्वारा कृषि आदान सहायता के लिए ’राजीव गांधी किसान न्याय योजना’ की शुरूआत की गई है। योजना के तहत खरीफ मौसम के धान, मक्का, सोयाबीन, मूंगफली, तिल, अरहर, मूंग, उड़द, कुल्थी, रामतिल, कोदो, कुटकी, रागी तथा रबी में गन्ना फसलों को शामिल किया गया है।


ज्ञात हो कि खरीफ विपणन वर्ष 2019-20 में जिले के 1,02,497 किसानों ने कुल 41 लाख 73 हजार 766 क्विंटल 94 किलो धान उपार्जित किया। इन्हें अब तक 761 करोड़ 77 लाख 18 हजार रूपए की राशि बतौर समर्थन मूल्य मिली। अब 2500 रूपए की दर से अंतर राशि 281 करोड़ 66 लाख 99 हजार रूपए उन्हंे राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत चार किश्तों में मिलेगी। आज योजना के शुभारंभ अवसर पर पहली किश्त के रूप में विपणन संघ द्वारा 26 प्रतिशत याने 74 करोड़ 35 लाख 66 हजार रूपए की राशि जिले के 1,02,497 किसानों के बैंक खाते में डाली गई।

योजना के शुभारंभ अवसर पर सिहावा विधायक डाॅ.लक्ष्मी ध्रुव, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कांति सोनवानी, धमतरी नगरनिगम के महापौर  विजय देवांगन, कलेक्टर रजत बंसल, वनमण्डलाधिकारी अमिताभ बाजपेयी, अपर कलेक्टर दिलीप अग्रवाल, कृषि एवं संबंधित विभाग के अधिकारी भी वीडियो कांफ्रेंस में मौजूद रहे।