जरा बचकर, अगर किसी ने छेड़ दिया तो आ सकती है आफत

297

धमतरी| कलेक्ट्रेट स्थित कंपोजिट बिल्डिंग में मधुमक्खियों ने अपना बसेरा बना लिया है |  शासकीय काम से पहुंचने वाले लोगों में मधुमक्खियों के छत्तों से दहशत बनी हुई है| अगर किसी ने भी गलती से छेड़ दिया तो मधुमक्खियों के हमले से बच पाना मुश्किल हो जाएगा | समय रहते  इन छत्तों को नहीं हटाया गया तो कभी भी लोगों को मधुमक्खियों का शिकार होना पड़ सकता है | गौरतलब है कि सभी कार्यालयों को एक जगह संचालित करने के उद्देश्य से कंपोजिट बिल्डिंग तैयार किया गया है | यहां शिक्षा विभाग, रोजगार कार्यालय, नगर निवेश समिति समेत अन्य  विभाग संचालित हो रहे हैं|  लोग अपना शासकीय काम के लिए लोग प्रतिदिन पहुंचते हैं | पंजीयन के लिए बेरोजगार छात्र भी बड़ी संख्या में आते हैं | कार्यालयीन समय में लोगों का आना-जाना शुरु हो जाता है| यहां आने जाने वाले हर व्यक्ति की नजर छत पर लटक रहे मधुमक्खियों के छत्तों पर जाकर टिक जाती है | लोगों में इस बात की दहशत रहती है कि मधुमक्खियां उन पर हमला न कर दें | शासकीय काम के सिलसिले में कंपोजिट बिल्डिंग पहुंचे महेश, कविता सूरज, ओंकार, योगेश ने बताया कि वे शासकीय काम से यहां आए हैं |मधुमक्खियों  के  छत्तों को  देखकर अंदर जाने की हिम्मत नहीं हो रही थी | किसी तरह हिम्मत दिखाकर बिल्डिंग में प्रवेश किया |उन्होंने कहा कि यह एक तरह का डेंजर पॉइंट है|अगर किसी ने भी पत्थर मार दिया तो यहां बड़ी आफत आ सकती है| मधुमक्खियों को छत्तों को सावधानीपूर्वक हटाकर लोगों में व्याप्त दहशत से निजात देने की पहल जिम्मेदार लोगों को करनी चाहिए|