Home Latest ग्राम पंचायत देमार (धमतरी) में महतारी सदन का भूमिपूजन हुआ संपन्न

ग्राम पंचायत देमार (धमतरी) में महतारी सदन का भूमिपूजन हुआ संपन्न

ग्राम पंचायत देमार (धमतरी) में महतारी सदन का भूमिपूजन हुआ संपन्न, मुख्य अतिथि सांसद श्रीमती रुपकुमारी चौधरी एवं विशेष अतिथि भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती रंजना साहू रही उपस्थित, महतारी सदन जैसी पहलें ग्रामीण महिलाओं को संगठित कर उन्हें रोजगार, कौशल विकास और आत्मसम्मान से जोड़ने का माध्यम बनेंगी : सांसद रूपकुमारी चौधरी , महिलाओं की आर्थिक भागीदारी बढ़े बिना समाज का समग्र विकास संभव नहीं है : रंजना साहू

धमतरी | ग्राम पंचायत देमार में महतारी सदन के निर्माण हेतु विधिवत भूमिपूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की सांसद रूप कुमारी चौधरी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में विशेष रूप से भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं धमतरी की पूर्व विधायक रंजना डीपेंद्र साहू भी शामिल हुईं। कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार और भूमि पूजन विधि के साथ हुई। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने महतारी सदन के निर्माण को महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया, यह महतारी सदन ग्रामीण बिहान योजना तथा स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के लिए स्वरोजगार, प्रशिक्षण, सामूहिक गतिविधियों और सामाजिक सशक्तिकरण का केंद्र बनेगा, जिससे क्षेत्र की महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने में सहायता मिलेगी। उपस्थित मंच को सांसद रूप कुमारी चौधरी ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार और राज्य की विष्णुदेव साय की सरकार महिलाओं के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है, महतारी सदन जैसी पहलें ग्रामीण महिलाओं को संगठित कर उन्हें रोजगार, कौशल विकास और आत्मसम्मान से जोड़ने का माध्यम बनेंगी। सांसद महोदया ने विश्वास व्यक्त किया कि देमार में बनने वाला यह सदन आसपास के गांवों की महिलाओं के लिए भी प्रेरणा केंद्र सिद्ध होगा। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक रंजना डीपेंद्र साहू ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं की आर्थिक भागीदारी बढ़े बिना समाज का समग्र विकास संभव नहीं है। बिहान योजना और स्व-सहायता समूहों के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं ने आत्मनिर्भरता की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किया है, महतारी सदन उनके लिए स्थायी मंच प्रदान करेगा, जहां से वे प्रशिक्षण, उत्पादन और विपणन जैसी गतिविधियों को संगठित रूप से आगे बढ़ा सकेंगी। उन्होंने ग्रामवासियों से इस पहल को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया।कार्यक्रम में ग्राम पंचायत सरपंच बिमलेश मीनपाल, उप सरपंच परमेश्वरी साहू, बसंत परदेसी मीनपाल, अंगेश्वर साहू, संतकुमार साहू, भूपेंद्र साहू, संतराम यादव, बंसी कुंभकार, नुमेश कुमार, नारायण साहू, सुरेंद्र चौरे, गोपाल ठेठवार, संजय साहू, मोहन लाल बंजारे सहित ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधिगण, स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं तथा बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। अंत में ग्राम पंचायत सरपंच बिमलेश मीनपाल ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महतारी सदन का निर्माण ग्राम की महिलाओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

Exit mobile version