Home Latest किसानों को राहत: धान खरीदी अवधि 6 फरवरी तक बढ़ी

किसानों को राहत: धान खरीदी अवधि 6 फरवरी तक बढ़ी

किसानों को राहत: धान खरीदी अवधि 6 फरवरी तक बढ़ी, किसान हित में प्रशासन सक्रिय, धमतरी में धान उपार्जन कार्य सुचारू , आज 682 किसानों से लगभग 24,000 क्विंटल धान की खरीदी, कल भी होगी खरीदी

धमतरी | खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत धमतरी जिले में धान उपार्जन कार्य सुचारू एवं संतोषजनक रूप से जारी है। जिले में किसानों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए राज्य शासन द्वारा धान खरीदी की अवधि में 5 एवं 6 फरवरी 2026 तक की वृद्धि की गई है, जिससे शेष किसानों को भी अपनी उपज विक्रय का अवसर मिल सके। अब तक जिले में 1 लाख 24 हजार 301 किसानों से कुल 59 लाख 34 हजार 951.20 क्विंटल धान की खरीदी सफलतापूर्वक की जा चुकी है। यह आंकड़ा जिले में प्रभावी व्यवस्थाओं, समयबद्ध टोकन प्रणाली तथा प्रशासनिक समन्वय का प्रमाण है। आज की तिथि में 1,001 किसानों के 35,740 क्विंटल धान के टोकन जारी किए गए, जिनमें से 682 किसानों से लगभग 24,000 क्विंटल धान की खरीदी पूर्ण कर ली गई है। शेष किसानों से भी निर्धारित समय-सीमा में खरीदी सुनिश्चित की जा रही है। धान खरीदी केंद्रों में पर्याप्त संसाधन, बारदाना, तौल व्यवस्था तथा भुगतान प्रक्रिया को सुव्यवस्थित रखा गया है, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। जिला प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी कर व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाया जा रहा है। किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने हेतु संबंधित एजेंसियों को आवश्यक निर्देश भी दिए गए हैं। इस संबंध में कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने कहा कि “राज्य शासन के निर्देशानुसार धमतरी जिले में धान खरीदी कार्य पूरी पारदर्शिता और सुचारू व्यवस्था के साथ किया जा रहा है। किसानों की सुविधा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। खरीदी अवधि में वृद्धि से शेष किसानों को लाभ मिलेगा। सभी उपार्जन केंद्रों को निर्देशित किया गया है कि निर्धारित समय में धान की खरीदी पूर्ण करते हुए किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी न होने दें। कलेक्टर ने किसानों से अपील की है कि वे अपने निर्धारित टोकन तिथि पर ही उपार्जन केंद्रों में धान लेकर आएं, जिससे व्यवस्था सुचारू बनी रहे और सभी किसानों को समय पर लाभ मिल सके।

Exit mobile version