Home Latest कलेक्टर मिश्रा ने गांवों में परखी विकास की जमीनी हकीकत, युवाओं को...

कलेक्टर मिश्रा ने गांवों में परखी विकास की जमीनी हकीकत, युवाओं को कौशल से जुड़ने किया प्रेरित

धमतरी। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने गुरुवार को ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा कर मधुरिमा गुरुकुल स्किल सेंटर, कोलियरी उच्च प्राथमिक शाला, शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय शंकरदाह और अर्जुनी तालाब में चल रहे विकास एवं निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखते हुए निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
मधुरिमा गुरुकुल स्किल सेंटर में कलेक्टर ने ब्यूटीशियन और इलेक्ट्रिशियन का प्रशिक्षण ले रहे युवाओं से संवाद कर प्रशिक्षण की जानकारी ली। उन्होंने युवाओं को पूरी लगन से कौशल सीखकर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि पूर्व बैच के अधिकांश युवाओं का प्लेसमेंट हुआ है, जबकि कुछ युवाओं ने प्रशिक्षण के बाद स्वयं का व्यवसाय शुरू किया है। उन्होंने युवाओं से अपने परिचितों को भी कौशल प्रशिक्षण के लिए प्रेरित करने कहा।
कोलियरी स्कूल में निर्माणाधीन बालिका शौचालय का निरीक्षण करते हुए उन्होंने गुणवत्ता और समयसीमा की जानकारी ली तथा निर्माण कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। शंकरदाह स्कूल में बारिश के दौरान खेल मैदान में पानी भरने और झाड़ियों की समस्या सामने आने पर उन्होंने साफ-सफाई, झाड़ियों की कटाई और पानी निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने कहा। ग्रामीणों ने विद्यालय तक पहुंचने वाली खराब सड़क की समस्या भी बताई, जिस पर कलेक्टर ने आवश्यक स्वीकृति के लिए संबंधित अधिकारियों को पत्राचार करने के निर्देश दिए।
अर्जुनी तालाब में कलेक्टर ने वन विभाग द्वारा कराए गए वृक्षारोपण और चौपाटी के लिए चयनित स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि तालाब किनारे करीब 1200 पौधे लगाए गए हैं तथा चौपाटी विकास के लिए अतिरिक्त स्थान छोड़ा गया है। कलेक्टर ने तालाब क्षेत्र के विकास और सौंदर्यीकरण को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाने तथा संबंधित योजना में शामिल करने के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

Exit mobile version