
भविष्य में गंगरेल से डुबान क्षेत्र तक वॉटर बस शुरू करने की पहल – ओंकार साहू
धमतरी। गंगरेल बांध क्षेत्र में शुरू* की गई वॉटर एंबुलेंस सेवा को लेकर धमतरी विधायक ओंकार साहू ने कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के कार्यों की खुलकर प्रशंसा की है। उन्होंने कहा कि दूरस्थ एवं डुबान प्रभावित क्षेत्रों के ग्रामीणों के लिए यह पहल किसी वरदान से कम नहीं है।विधायक ओंकार साहू ने कहा कि कलेक्टर अबिनाश मिश्रा द्वारा जमीनी स्तर पर जाकर समस्याओं को समझना और उनका त्वरित समाधान करना अत्यंत सराहनीय है। विशेष रूप से वॉटर एंबुलेंस सेवा की शुरुआत से अब ग्रामीणों को आपातकालीन स्थिति में समय पर उपचार मिल सकेगा, जो पहले एक बड़ी चुनौती थी।उन्होंने कहा कि पहले जहां मरीजों को लंबी दूरी तय कर जिला मुख्यालय पहुंचना पड़ता था, वहीं अब जलमार्ग के माध्यम से कम समय में अस्पताल पहुंचना संभव हो सकेगा। इससे न केवल समय की बचत होगी, बल्कि गंभीर मरीजों के लिए यह सेवा जीवनरक्षक साबित होगी।वॉटर बस शुरू करने की भी घोषणा विधायक ने आगे कहा कि भविष्य में गंगरेल से डुबान क्षेत्र तक बेहतर आवागमन सुनिश्चित करने के लिए वॉटर बस सेवा शुरू करने की दिशा में भी प्रयास किए जाएंगे। इससे क्षेत्र के लोगों को नियमित परिवहन सुविधा मिलेगी और आवागमन अधिक सुगम हो सकेगा।विधायक ने जिला प्रशासन की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की जनहितकारी पहलें क्षेत्र के समग्र विकास में मील का पत्थर साबित होंगी।






