कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने की प्रेरणा देता है प्रभु श्रीराम का जीवन : रंजना साहू

1

धमतरी में रामनवमी पर निकली भव्य शोभायात्रा, भक्तिमय हुआ पूरा शहर, शोभायात्रा में शामिल हुई भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना साहू

धमतरी | श्री रामनवमी के पावन तट अवसर पर धमतरी में श्री रामनवमी आयोजन समिति द्वारा भव्य एवं आकर्षक शोभायात्रा का आयोजन किया गया, इस अवसर पर पूरे शहर में श्रद्धा, उत्साह और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। शोभायात्रा प्रारंभ होने से पूर्व भगवान श्रीराम का सुसज्जित रामदरबार की महाआरती विधिवत सम्पन्न की गई। आरती के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा वातावरण “जय श्री राम” के जयघोष से गुंजायमान हो उठा। इसके पश्चात नगर के प्रमुख मार्गों से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें भगवान श्रीराम की आकर्षक मनमोहक झांकियां, भजन-कीर्तन, डीजे-धुमाल एवं भक्तों की टोलियां शामिल रहीं। शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालु नाचते-गाते हुए भगवान श्रीराम के प्रति अपनी आस्था प्रकट करते नजर आए। इस पावन अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं धमतरी की पूर्व विधायक श्रीमती रंजना डीपेंद्र साहू भी शामिल हुईं। उन्होंने भगवान श्रीराम के पूजा अर्चना कर दर्शनलाभ प्राप्त कर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा समस्त क्षेत्रवासियों को श्री राम जन्मोत्सव की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर श्रीमती रंजना साहू ने कहा कि भगवान श्रीराम मर्यादा, सत्य, धर्म और आदर्श जीवन के प्रतीक हैं, उनका जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। रामनवमी का यह पर्व हमें सत्य के मार्ग पर चलने, समाज में भाईचारा बनाए रखने और अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने की प्रेरणा देता है।उन्होंने आगे कहा कि आज धमतरी में जिस प्रकार से भव्य शोभायात्रा निकाली गई है, वह हमारी संस्कृति और परंपराओं के प्रति लोगों की आस्था को दर्शाता है, इस प्रकार के आयोजन समाज को एकजुट करते हैं और नई पीढ़ी को अपने संस्कारों से जोड़ने का कार्य करते हैं। श्रीमती साहू ने आयोजन समिति के सभी सदस्यों की सराहना करते हुए कहा कि इतने सुंदर एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए मैं समिति के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओ को हृदय से बधाई देती हूं। आप सभी के प्रयासों से यह आयोजन अत्यंत सफल एवं यादगार बना है। भक्तिमय माहौल से सराबोर रहा शहर पूरे आयोजन के दौरान धमतरी का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा। जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा शोभायात्रा का स्वागत पुष्पवर्षा से किए तथा प्रसाद वितरण भी किया गया।