Home Latest  एसपी धमतरी के निर्देश पर धमतरी पुलिस की बड़ी पहल – गांव-गांव...

 एसपी धमतरी के निर्देश पर धमतरी पुलिस की बड़ी पहल – गांव-गांव में जनजागरूकता एवं सघन निगरानी अभियान तेज

 सभी थाना/चौकी क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों, कोटवारों एवं ग्रामीणों की बैठक आयोजित ,  बाहरी संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी एवं साइबर जागरूकता पर विशेष जोर

धमतरी | पुलिस अधीक्षक धमतरी सूरज सिंह परिहार द्वारा समीक्षा बैठक के दौरान दिए गए निर्देशों के पालन में जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारियों द्वारा अपने-अपने थाना क्षेत्रों में ग्राम प्रमुखों, जनप्रतिनिधियों, ग्राम कोटवारों, ग्राम पटेलों एवं गणमान्य नागरिकों की बैठक आयोजित की जा रही है। आयोजित बैठकों में ग्राम कोटवार एवं जनप्रतिनिधियों सहित जागरुक नागरिक उपस्थित रहे। ग्रामीणों से अपील की गई कि क्षेत्र में आने वाले बाहरी संदिग्ध व्यक्तियों, फेरीवालों एवं अन्य अनजान लोगों की अनिवार्य रूप से मुसाफिरी दर्ज कराएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना संबंधित थाना/चौकी को दें। साथ ही यह भी बताया गया कि ऐसे सभी नागरिकों को जिनकी सूचना पर अपराध और अपराधी पर अंकुश लगता है या निराकरण होता है, को उचित मंच से सम्मानित किया जाएगा l बैठक में उपस्थित सरपंचों, जनप्रतिनिधियों एवं कोटवारों को गांवों में सामुदायिक सतर्कता बढ़ाने, मंदिर परिसरों में निगरानी रखने, मुसाफ़िर दर्ज कराने, किराएदार, फेरीवालों, तंबू डेरा की जानकारी देने तथा रात्रि गश्त एवं सूचना तंत्र को मजबूत करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त धमतरी पुलिस द्वारा ग्रामीणों को साइबर फ्रॉड, नशा मुक्ति अभियान एवं यातायात नियमों के संबंध में भी जानकारी देकर जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने ऑनलाइन ठगी से बचाव, अनजान लिंक खासकर apk फाइल एवं अनजानी कॉल से सावधान रहने तथा सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की। मालवाहक में सवारी ढोने के प्रति भी सचेत किया गया l धमतरी पुलिस द्वारा लगातार जनसहभागिता के माध्यम से अपराधों की रोकथाम एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने हेतु जागरूकता एवं समन्वय बैठकें आयोजित की जा रही हैं।

Exit mobile version