अवैध होर्डिंग हटाओ, नहीं तो कार्रवाई तय: नगर निगम धमतरी की चेतावनी

19

धमतरी | नगर निगम धमतरी ने शहरभर में अवैध रूप से लगे होर्डिंग्स और बैनर्स को लेकर सख्त रुख अपना लिया है। निगम ने स्पष्ट रूप से कहा है कि जिन स्थानों पर बिना अनुमति के होर्डिंग्स लगाए गए हैं, उन्हें तीन दिनों के भीतर हटा लिया जाए, अन्यथा संबंधित व्यक्तियों और संस्थाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। आयुक्त प्रिया गोयल ने बताया कि लगातार मिल रही शिकायतों और शहर की बिगड़ती सौंदर्यता को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। अवैध होर्डिंग्स न केवल शहर की छवि को नुकसान पहुंचा रहे हैं, बल्कि यातायात में भी बाधा उत्पन्न कर रहे हैं। उपायुक्त पीसी सार्वा ने कहा, “यह अपील भी है और सख्त चेतावनी भी। अगर निर्धारित समयसीमा में अवैध होर्डिंग्स नहीं हटाए गए, तो निगम खुद उन्हें हटाएगा और अवैध होर्डिंग लगाने के लिए जुर्माना भी अधिरोपित किया जाएगा, कई अवैध होर्डिंग लगाने वालो को निगम ने नोटिस भी जारी कर दिया है।