Home Latest अवैध रेत परिवहन पर लगातार कार्रवाई, तीन हाइवा जप्त

अवैध रेत परिवहन पर लगातार कार्रवाई, तीन हाइवा जप्त

धमतरी। कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा के आदेशानुसार खनिज विभाग द्वारा जिले के विभिन्न स्थानों पर अवैध खनन और परिवहन की रोकथाम हेतु सघन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान सोमवार को बुडेनी, नारी, खट्टी, मेघा, भाटागांव, दोनर, सेल्दीप, राजपुर, लीलर, कुंडेल तथा ढीमर टिकुर जैसे ग्रामों में विशेष निगरानी रखी गई। जांच के दौरान ग्राम दोनर, राजपुर और अरौद से तीन हाइवा वाहन बिना पिट पास के अवैध रेत परिवहन करते पाए गए। खनिज विभाग की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी तीनों वाहनों को जप्त कर कंपोसीट बिल्डिंग धमतरी में अभिरक्षा में रखा है। इन वाहनों पर खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम 1957 तथा छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 के तहत विधिवत कार्रवाई की जा रही है।कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिले में किसी भी प्रकार की अवैध खनन गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा – “रेत सहित अन्य गौण खनिजों का अवैध उत्खनन और परिवहन न केवल शासन की राजस्व हानि करता है, बल्कि पर्यावरण और जनहित को भी प्रभावित करता है। जिला प्रशासन इस पर सख्ती से नियंत्रण हेतु निरंतर कार्रवाई कर रहा है। सभी विभागीय अधिकारी एवं राजस्व अमला सजग रहकर कार्य करें और नियम विरुद्ध गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाएँ। खनिज अधिकारी ने बताया कि विभागीय दल दिन-रात लगातार भ्रमण कर जांच कर रहा है और भविष्य में भी ऐसी कार्यवाहियाँ जारी रहेंगी। जिला प्रशासन ने चेतावनी दी है कि अवैध परिवहन या उत्खनन करने वालों पर कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version