संस्कार इंग्लिश मीडियम स्कूल, संबलपुर के वार्षिक उत्सव में शामिल हुए धमतरी विधायक ओंकार साहू

21

धमतरी। संस्कार इंग्लिश मीडियम स्कूल, संबलपुर में आयोजित वार्षिक उत्सव कार्यक्रम में धमतरी विधायक श्री ओंकार साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का आयोजन उत्साह, अनुशासन और गरिमामय वातावरण में किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता एवं सांस्कृतिक कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। वार्षिक उत्सव के दौरान विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नृत्य, गीत, नाटक एवं अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया। बच्चों के आत्मविश्वास, मंचीय प्रस्तुति और अनुशासन को देखकर विधायक श्री साहू ने प्रसन्नता व्यक्त की और उनकी मुक्तकंठ से सराहना की। अपने संबोधन में विधायक ओंकार साहू ने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि संस्कार, अनुशासन और व्यक्तित्व निर्माण की प्रयोगशाला होते हैं। संस्कार इंग्लिश मीडियम स्कूल द्वारा शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों, रचनात्मकता और सर्वांगीण विकास पर दिया जा रहा ध्यान सराहनीय है। उन्होंने कहा कि आज के बच्चे ही कल का भविष्य हैं, और इस प्रकार के आयोजन बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेल, कला और संस्कृति के क्षेत्र में भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया तथा शिक्षकों की भूमिका को समाज निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। विधायक श्री साहू ने विद्यालय के शिक्षकों और प्रबंधन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इनके समर्पण और मेहनत के कारण ही विद्यालय निरंतर प्रगति कर रहा है। कार्यक्रम के अंत में विधायक ओंकार साहू ने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विद्यालय प्रबंधन समिति को सफल आयोजन के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ एवं बधाई दी। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आश्वस्त किया कि शिक्षा और विकास से जुड़े ऐसे सकारात्मक प्रयासों को वे सदैव सहयोग प्रदान करेंगे।