राजस्व वसूली में तेजी लाने निर्देश अवकाश दिनों में भी खुला रहेगा निगम राजस्व कार्यालय

1

धमतरी | आयुक्त प्रिया गोयल के निर्देशानुसार नगर निगम में राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक उपायुक्त पी.सी. सार्वा द्वारा आयोजित की गई। बैठक में राजस्व वसूली की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए कम वसूली करने वाले कर्मचारियों को सख्त हिदायत दी गई। उपायुक्त पी.सी. सार्वा ने स्पष्ट रूप से कहा कि मार्च माह वित्तीय वर्ष का अंतिम समय होता है, ऐसे में सभी एआरआई को वसूली कार्य में तेजी लाने की आवश्यकता है। उन्होंने निर्देशित किया कि लक्ष्य के अनुरूप वसूली सुनिश्चित की जाए, अन्यथा लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम राजस्व कार्यालय अवकाश एवं छुट्टी के दिनों में भी खुला रखा जाएगा। नागरिक कार्यालय में आकर जलकर, संपत्ति कर, दुकान किराया सहित अन्य टैक्स आसानी से जमा कर सकेंगे। उपायुक्त ने एआरआई को निर्देशित किया कि करदाताओं को अधिक से अधिक जागरूक किया जाए और उन्हें समय पर कर भुगतान के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि राजस्व संग्रह में वृद्धि हो सके। साथ ही, वसूली कार्य में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। नगर निगम प्रशासन द्वारा की गई इस पहल से राजस्व वसूली में तेजी आने के साथ-साथ नागरिकों को भी कर भुगतान में सुविधा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।