
धमतरी | कलेक्टर के निर्देश पर धमतरी शहर के बस स्टैंड परिसर में राजस्व, पुलिस और खाद्य विभाग की टीम द्वारा बीती रात्रि संयुक्त जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों में घरेलू एलपीजी सिलेंडर का उपयोग करते पाए जाने पर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। खाद्य अधिकारी ने बताया कि अभियान के दौरान टीम ने विभिन्न दुकानों एवं भोजनालयों की जांच की। इस मौके पर आर.एस. रेस्टोरेंट एंड डेली नीड्स से एक नग एचपी गैस सिलेंडर, एक चूल्हा, पाइप और रेगुलेटर जब्त किया गया। वहीं भगवती बीकानेर से एक नग बीपी गैस बर्नर, पाइप और रेगुलेटर जब्त किया गया। इसके अलावा कमल भोजनालय से दो नग एचपी गैस सिलेंडर, डबल बर्नर, पाइप और रेगुलेटर जब्त किए गए। यह भी बताया गया कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर का उपयोग केवल घरेलू प्रयोजन के लिए ही किया जा सकता है। वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों में इसका उपयोग नियमों के विरुद्ध है। ऐसे मामलों में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाती है। उन्होंने कहा कि आगे भी इस तरह की संयुक्त जांच कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, ताकि नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा सके।






