नरेन्द्र मोदी का जन्मदिन देश भर में 14 से 21 सितंबर तक सेवा सप्ताह के रूप में मनेगा 

582

जिलाध्यक्ष ने आगामी कार्यक्रमों को लेकर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया

नगरी | भाजपा बेलर मंडल की बैठक ग्राम गढ़डोंगरी स्थित श्री गणेश मंदिर में हुई।  बैठक में बेलर मंडल के अंतर्गत आने वाले समस्त जिला एवं मंडल पदाधिकारी तथा शक्तिकेन्द्र के संयोजक सह संयोजक सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। जिलाध्यक्ष ठा. शशि पवार ने कहा कि माह सितंबर एवं अक्टूबर भाजपा संगठन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है क्योंकि 17 सितंबर को भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का 70वां जन्मदिन है| 25 सितंबर को पं दीनदयाल उपाध्याय की जयंती है और 2 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती भी  है।

नरेन्द्र मोदी  के जन्मदिन को पार्टी द्वारा पूरे देश भर में 14 सितंबर से 21 सितंबर तक सेवा सप्ताह के रूप में मनाया जायेगा। इस दौरान सेवा से संबंधित विभिन्न आयोजन प्रत्येक मंडल एवं बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं द्वारा किये जायेंगे। इनमें प्रमुख रूप से दिव्यांगजनों को उपकरण वितरण, गरीब वृद्धजनों को चश्मा वितरण, वृक्षारोपण, रक्तदान फल वितरण, इत्यादि अनेक कार्यक्रम किये जायेंगे। श्री  मोदी  द्वारा कोरोना काल मे गरीब कल्याण योजना के अंतर्गत लाखों करोड़ का राहत पैकेज देश की जनता को दिया गया| इस संबंध में वेबिनार इत्यादि का आयोजन भी सेवा सप्ताह में किया जायेगा।  25 सितंबर को पं दीनदयाल उपाध्याय की जयंती का कार्यक्रम प्रतिवर्षानुसार बूथ स्तर पर मनाया जायेगा। 2 अक्टूबर गांधी जयंती के अवसर पर प्रत्येक मंडल में गांव गांव एवं वार्ड स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया जायेगा।

स्वावलंबन आत्मनिर्भरता स्वदेशी अभियान इत्यादि गांधी के मूल सिद्धांतों पर आधारित अनेक कार्यक्रम भी उनकी जयंती पर आयोजित होंगे। श्री पवार ने आगे कहा कि संगठन का बूथ स्तर तक का ढांचा डिजिटलाइज किया जायेगा। एक निर्धारित प्रारूप में बूथ समिति से लेकर शक्तिकेन्द्र मंडल जिला तथा प्रत्येक स्तर के कार्यकर्ताओं की जानकारी एकत्र कर उसे वेबसाइट में अपलोड करने का कार्य भी संगठन द्वारा किया जायेगा। बैठक को पूर्व विधायक श्रवण मरकाम तथा पिंकी शिवराज शाह ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर जिला महामंत्री प्रकाश बैस, पूर्व जिला महामंत्री नागेंद्र शुक्ला, मंडल अध्यक्ष अकबर कश्यप, जनपद अध्यक्ष दिनेश्वरी नेताम,  मंडल महामंत्री मनोहर दास मानिकपुरी, राकेश चौबे जनपद सदस्य हुमित लिमजा, सुखचंद मरकाम, अमर सिंह पटेल, शेखर अडिल, सुन्दर टंडन ,महेंद्र नेताम,मोहन पुजारी, मोर्यध्वज सेन, पीला राम कोर्राम, लीलेश प्रजापति, गौचन्द मरकाम, टिकेश्वर ध्रुव, यादराम, विनय देवांगन, गोपेन्द्र राठौर  उपस्थित थे।